रामायण के पात्रों के स्वरूप बने स्कूली बच्चे, कोई बना राम तो कोई बना रावण
नेशन पब्लिक स्कूल में हुआ दशहरा महोत्सव

औरंगाबाद( बुलंदशहर)नेशन पब्लिक स्कूल में शनिवार को विजयदशमी पर्व महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। स्कूली नन्हे मुन्नों ने रामलीला के विभिन्न पात्रों की वेशभूषा धारण कर समूचे विद्यालय परिसर को रामायण मय बना दिया।
प्री नर्सरी से कक्षा दो तक के बच्चों ने रामायण के विभिन्न पात्रों राम लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न सीता हनुमान रावण जटायु वानर सेना के वेश धारण कर मंत्रमुग्ध कर दिखाया। बच्चों ने रामलीला के अनेक प्रेरक प्रसंगों को सजीव कर मन मोह लिया। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को देख सभी उपस्थित अभिभावकों और शिक्षक शिक्षिकाओं ने बच्चों के प्रयासों को मुक्त कंठ से सराहा।
चेयरमैन अंकुर अग्रवाल एडवोकेट एवं प्रधानाचार्या प्रिया अग्रवाल ने बच्चों को राम जी और दशहरा महोत्सव के विषय में जानकारी दी और सत्य पर अडिग रहने का संदेश दिया। बुराई पर अच्छाई की जीत को बताते हुए सदैव सत्य बोलने और अच्छे कर्म करने का आग्रह किया।
उप प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार जोशी ने आगंतुक अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






