पारिवारिक समझौते में छोड़े गए रास्तों पर कब्जे का आरोप, पुलिस आयुक्त से शिकायत
अछेजा गांव में दो साझा रास्तों पर दीवार बनाकर कब्जे का प्रयास, पीड़ित ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की

बिलासपुर: दादरी तहसील क्षेत्र के अछेजा गांव में पारिवारिक समझौते के तहत छोड़े गए दो साझा रास्तों पर अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव निवासी योगेंद्र शर्मा ने पुलिस आयुक्त रविंद्र गौड़ को शिकायती पत्र देकर स्थानीय पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, योगेंद्र शर्मा पुत्र स्वर्गीय किशन चंद शर्मा निवासी कृष्णा फार्म हाउस, गांव अछेजा का कहना है कि वर्ष 1997 में परिवार के छह भाइयों के बीच आपसी सहमति से खसरा संख्या 1211 की भूमि का बंटवारा हुआ था। इसमें 30 फुट और 25 फुट चौड़े दो साझा रास्ते आवागमन के लिए छोड़े गए थे। आरोप है कि 28 नवंबर 2026 को उनके बेटे जयवर्धन शर्मा और कुछ अन्य लोगों ने इन रास्तों पर दीवार बनाकर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश भी की गई।
पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दो बार दी गई। थाना बादलपुर पुलिस को भी मामले से अवगत कराया गया तथा पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई गई। इसके बावजूद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर वापस भेज दिया और दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे आरोपितों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार साझा रास्तों पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं।
योगेंद्र शर्मा ने पुलिस आयुक्त से पूरे प्रकरण की वरिष्ठ एवं निष्पक्ष अधिकारी से जांच कराने, स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच करने, रास्तों पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने तथा सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्डिंग और 112 की कॉल रिकॉर्डिंग को जांच में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की है।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






