बारिश के बाद ईओ ने संभाली कमान, बंद नाले तत्काल खुलवाए
मानसून की पहली बारिश के बाद सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, सफाई कर्मचारियों को मौके पर दिए आवश्यक निर्देश, जलभराव रोकने पर जोर

डिबाई : मानसून की पहली बारिश के बाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बुधवार शाम बारिश के बीच कस्बे की सफाई व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर नालों की स्थिति का जायजा लिया। रेलवे रोड स्थित केआईसी कॉलेज तथा कुसहा रोड पर नाले बंद होने की सूचना मिलने पर वह तत्काल मौके पर पहुंचे और सफाई कर्मचारियों की टीम को बुलाकर बंद नालों को तत्काल खुलवाया।
डिबाई नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बुधवार शाम बारिश के दौरान कस्बे के नालों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। जहां दो स्थानों पर नाले बंद मिलने पर सफाई कर्मचारियों को तुरंत नालों को खुलवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं बनने दी जाए। उन्होंने नालों की नियमित सफाई कराने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ईओ ने बताया कि बारिश से पहले ही कस्बे के प्रमुख एवं बड़े नालों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इसके बावजूद पहली बारिश के दौरान जिन स्थानों पर नाले अवरुद्ध मिले, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए जल निकासी व्यवस्था बहाल कराई गई। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टर उपेंद्र शर्मा






