दनकौर

गैस सिलेंडर लीकेज की दर्दनाक दुर्घटना में पिता-पुत्र की मृत्यु पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने जताया गहरा शोक, पीड़ित परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस”

"मुख्यमंत्री राहत कोष से दोनों मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का किया अनुरोध"

जेवर :विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दयानतपुर निवासी श्री वीरपाल सिंह एवं उनके 24 वर्षीय पुत्र श्री अभिषेक सिंह की गैस सिलेंडर लीकेज से हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है। इस हृदय विदारक घटना की जानकारी मिलते ही जेवर विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा परिजनों को ढांढस बंधाया।

इस दुर्घटना में अभिषेक सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती काजल देवी एवं उनका मासूम पुत्र आदित्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। एक ही परिवार पर आई इस भीषण विपत्ति ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। परिवार में दो छोटे बच्चों के भविष्य और आजीविका को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है। आगामी 01 दिसंबर को स्वर्गीय वीरपाल सिंह की पुत्री का विवाह भी निर्धारित था, जिससे परिवार की परिस्थितियां और भी कठिन हो गई हैं।

जेवर के विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि *”एक ही परिवार के दो सदस्यों को खोना अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन समय में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव सहायता के लिए प्रयास किए जाएंगे।”

जेवर के विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र लिखकर स्वर्गीय श्री वीरपाल सिंह एवं श्री अभिषेक सिंह के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही घायलों के समुचित उपचार एवं परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी संबंधित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

रिपोर्टर कृष्णा वत्स

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!