जिला स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में ध्वनि शर्मा ने जीते स्वर्ण और रजत पदक
बिलासपुर की बेटी ने बढ़ाया जिले का गौरव, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रतिभाग

बिलासपुर: गौतमबुद्ध नगर जिला रोलर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में 6 से 8 वर्ष आयु वर्ग की प्रतिभाशाली स्केटर ध्वनि शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। उन्होंने 1000 मीटर स्पीड स्केटिंग में स्वर्ण और 500 मीटर स्पीड स्केटिंग में रजत पदक जीतकर जिले और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन नोएडा के सेक्टर-46 स्थित देवासोम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-122, नोएडा की छात्रा ध्वनि ने अपनी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर ध्वनि का चयन उत्तर प्रदेश राज्य रोलर स्केट्स चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। अब वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 6 से 8 वर्ष आयु वर्ग में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ध्वनि के पिता अभिषेक शर्मा बिलासपुर, गौतमबुद्ध नगर के मूल निवासी हैं। बेटी की सफलता पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस उपलब्धि के पीछे ध्वनि का निरंतर अभ्यास, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन तथा परिवार और विद्यालय का सहयोग रहा है। ध्वनि की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वहीं दादा रमाकांत शर्मा ने बिलासपुर स्थित कस्बे में पोती ध्वनि शर्मा के गोल्ड मेडल जीतने पर मिठाई बांट कर खुशी का इजहार किया है।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






