मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर एसडीएम सदर ने किया शिविरों का निरीक्षण
28 और 29 नवंबर को सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर फिर लगेंगे विशेष शिविर; एसडीएम ने बीएलओ टीम को दिए आवश्यक निर्देश

ग्रेटर नोएडा: मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से सेक्टर डेल्टा-1 स्थित मॉडर्न स्कूल में प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन एवं सत्यापन से संबंधित विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उपजिलाधिकारी (सदर) श्री आशुतोष कुमार गुप्ता ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा मतदाताओं की समस्याओं के निराकरण की प्रगति का जायजा लिया।
शिविर में चारों बूथों के बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे। पूरे दिन बड़ी संख्या में सेक्टरवासी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। अधिकारियों ने मतदाताओं की शिकायतें सुनीं तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों के सत्यापन और संशोधन संबंधी कार्यवाही की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर श्री आशुतोष कुमार गुप्ता ने उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे। सभी पात्र नागरिकों के मतदाता पहचान पत्र बनवाना तथा मतदाता सूची में उनके सही नाम एवं विवरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बीएलओ की पूरी टीम को निर्देश दिए कि मतदाता पंजीकरण, सत्यापन एवं संशोधन का कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ सुचारू रूप से संपन्न किया जाए। इस अवसर पर पर्यवेक्षक अधिकारी नेहा जी भी उपस्थित रहीं।
शिविर में बीएलओ श्वेता वर्मा, प्रियंका कसाना, मीनाक्षी शर्मा एवं लता कन्नौजिया ने मतदाताओं के नाम, पते एवं अन्य विवरणों का सत्यापन तथा आवश्यक संशोधन किए। नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 भी भरवाए गए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर नोएडा मंडल के मीडिया एक्जीक्यूटिव भगवत प्रसाद शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ग्रेटर नोएडा मण्डल के अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को प्रारूप मतदाता सूची में अपने एवं परिवार के पात्र सदस्यों के नाम जांचने का अवसर मिला।नाम छूटने, नाम-पते में त्रुटि, आयु, लिंग एवं छायाचित्र संबंधी विसंगतियों के सुधार, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के विवरण में नियमानुसार संशोधन तथा दोहरी प्रविष्टियों की जांच संबंधी प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने सभी सेक्टर वासियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपना तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम और विवरण अवश्य जांचें। किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
मण्डल के मीडिया एक्जीक्यूटिव भगवत प्रसाद शर्मा ने बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए आगामी 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार), 2026 को सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर पुनः विशेष शिविर लगाए जाएंगे। कृपया समय पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा






