आर्या फैशन्स की संस्थापिका महिला उद्यमी डॉ. खुशबू सिंह के साथ विशेष बच्चों ने कलेक्ट्रेट में DM मेधा रूपम जी को अपने हाथों से बनाई राखी बांधकर मनाया रक्षाबंधन का पर्व

ग्रेटर नोएडा:रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज आर्या फैशन्स की संस्थापिका महिला उद्यमी डॉ. खुशबू सिंह के साथ अभय किड्स फाउंडेशन के विशेष बच्चों ने कलेक्ट्रेट, ग्रेटर नोएडा में रक्षाबंधन का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया।
आर्या फैशन्स द्वारा अभय किड्स फाउंडेशन के ऑटिज्म, डाउन सिंड्रोम एवं अन्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को हैंडीक्राफ्ट ट्रेनिंग प्रदान की जा रही है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य इन बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
रक्षाबंधन से पूर्व आर्या फैशन्स द्वारा इन बच्चों को राखी बनाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में बच्चों ने अपने हाथों से अत्यंत सुंदर और रचनात्मक राखियां तैयार कीं। 
आज जब बच्चों ने अपने हाथों से बनाई राखियां DM महोदया श्रीमती मेधा रूपम जी को बांधीं, तो उनके चेहरे पर खुशी और उपलब्धि का भाव साफ देखा गया। DM महोदया ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की, उनके प्रयासों की सराहना की, उनका हौसला बढ़ाया और *आर्या फैशन्स द्वारा चलाई जा रही इस हैंडीक्राफ्ट प्रशिक्षण की पहल की प्रशंसा* की।

इस अवसर पर डॉ. खुशबू सिंह ने कहा “हमारा प्रयास हर उस वर्ग के लिए है जो समाज से अछूता रह जाता है, विशेषकर विशेष बच्चे। हमारा उद्देश्य है कि ये बच्चे हुनर सीखकर आत्मसम्मान के साथ जीवन जिएं। आज इन बच्चों के चेहरे की मुस्कान और उपलब्धि का भाव ही हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है।”
अभय किड्स फाउंडेशन की प्रधानाचार्या दिशा कपूर जी ने भी आर्या फैशन्स के सहयोग की सराहना की और कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है।
रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा






