बागपत

डा दिनेश बंसल के भाई महेश कुमार बंसल को श्रद्धांललि देने उमड़ा जनसैलाब

बागपत(उत्तर प्रदेश) सुप्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय महेश कुमार बंसल की तेरहवीं एवं रस्म पगड़ी का आयोजन बड़ौत नगर स्थित विहर्ष सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं व्यापारिक जगत से जुड़े हजारों लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। ज्ञात है कि गत 23 जून को अचानक स्वास्थ्य खराब होने के कारण महेश कुमार बंसल का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। तेरहवीं के अवसर पर समाज के गणमान्य लोगों ने उनके ज्येष्ठ पुत्र वरुण बंसल को पगड़ी बांधकर परिवार की परंपराओं एवं जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर दिवंगत महेश कुमार बंसल के भाई डॉ दिनेश बंसल भावुक हो उठे। उन्होंने अपने भाई के साथ बिताए गए अविस्मरणीय पलों को याद करते हुए कहा कि महेश कुमार बंसल केवल उनके बड़े भाई ही नहीं, बल्कि उनके जीवन के सबसे अच्छे मित्र, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी थे। उन्होंने कहा कि उनके स्नेह, सहयोग और आत्मीयता की कमी जीवनभर महसूस होती रहेगी। शोकसभा को संबोधित करते हुए भाजपा विधि प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद कुमार जैन ने स्वर्गीय महेश कुमार बंसल के सरल, मधुर एवं मिलनसार व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यवहार, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई। उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा और उनकी स्मृतियां सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहेंगी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से कामना की। इस अवसर पर स्वर्गीय महेश कुमार बंसल के भाई सुभाष चंद बंसल एवं डॉ दिनेश बंसल, पुत्र वरुण बंसल व अक्षित बंसल, पुत्रियां नेहा व निधि, दामाद सौरभ व जसमेन्द्र, भतीजे राजन, आशुतोष बंसल, डॉ उत्कर्ष बंसल, परम बंसल, नगर पालिका बड़ौत के चेयरमैन पति अश्विनी तोमर, महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, पूर्व चेयरमैन अमित राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, मुदित जैन, संदीप गर्ग उर्फ टीटू प्रधान, आकाश बंसल, आकाश कंसल सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हजारों लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर विवेक जैन

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!