डायट दनकौर में निबंध प्रतियोगिता 2026 का आयोजन, 102विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

दनकौर (गौतम बुद्ध नगर) राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), लखनऊ, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) दनकौर, गौतम बुद्ध नगर में 7 अक्टूबर 2026 को बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 99 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में माध्यमिक शिक्षा के कक्षा 6 से 12 तथा बेसिक शिक्षा परिषद के कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। SCERT द्वारा उपलब्ध कराए गए 15 विभिन्न विषयों में से विद्यार्थियों को विषय आवंटित कर निबंध लेखन कराया गया। प्रतियोगिता में नारी शक्ति एवं सशक्तिकरण, खेलो इंडिया, विकसित भारत तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन कार्यक्रम नोडल श्री राजेश खन्ना एवं श्री भूपेंद्र सिंह एवं सह नोडल भोला कुमार द्वारा किया गया। श्री भूपेंद्र सिंह द्वारा प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा तैयार करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय किया गया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री राहुल पवार एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्री चंद्रशेखर का भी विशेष सहयोग रहा। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से जनपद के विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थियों को उनके संबंधित शिक्षकों द्वारा DIET दनकौर तक पहुंचाया गया, जिससे अधिक संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सकी।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य/उप निदेशक श्रीमती अर्चना गुप्ता के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ प्रवक्ता श्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में DIET के डीएलएड प्रशिक्षुओं एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के लिए संस्थान की ओर से जलपान एवं खान-पान की व्यवस्था भी की गई। विद्यार्थियों एवं उनके साथ आए शिक्षकों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की सराहना की।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन एवं परिणाम की घोषणा के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा तथा लगभग एक सप्ताह के भीतर परिणाम घोषित किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को DIET दनकौर के स्तर पर बेसिक शिक्षा परिषद एवं माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।






