ग्रेटर नोएडा

उद्योग–शिक्षा समन्वय को नई दिशा देने की पहल, आईबीए एवं एनआईईटी के मध्य महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार एवं रोजगारपरक शिक्षा को सशक्त बनाने पर हुआ व्यापक विचार-विमर्श

ग्रेटर नोएडा:उद्योग जगत और शिक्षा क्षेत्र के मध्य सहयोग को सुदृढ़ बनाने तथा युवाओं को औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए), गौतम बुद्ध नगर एवं नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एनआईईटी), ग्रेटर नोएडा के मध्य बुधवार को उद्योग–शिक्षा समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल संवर्धन, व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुसंधान, नवाचार तथा रोजगारपरक शिक्षा को प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक का प्रमुख उद्देश्य शैक्षणिक ज्ञान और औद्योगिक आवश्यकताओं के बीच समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उद्योगों के लिए दक्ष, प्रशिक्षित एवं तकनीकी रूप से सक्षम मानव संसाधन तैयार करना रहा।

बैठक में विद्यार्थियों के औद्योगिक प्रशिक्षण, प्रतिष्ठानों के भ्रमण, उद्योग आधारित परियोजनाओं, अनुसंधान एवं विकास, विशेषज्ञ व्याख्यान, कौशल विकास, रोजगार एवं नियुक्ति सहयोग तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि भारत वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में अपनी पहचान सुदृढ़ करने की दिशा में अग्रसर है। ऐसे में उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच प्रभावी समन्वय समय की महत्त्वपूर्ण आवश्यकता है।

इस अवसर पर इस बात पर बल दिया गया कि शैक्षणिक संस्थानों का सैद्धांतिक ज्ञान जब उद्योगों के व्यावहारिक अनुभव से जुड़ेगा, तब विद्यार्थियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे।

आईबीए के प्रतिनिधिमंडल की सहभागिता

आईबीए के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने किया। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव श्री सुनील दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष श्री नरेश चौहान, श्री अजय राणा एवं श्री सुधीर त्यागी, सेक्टर सचिव श्री बिरेंद्र प्रताप रावल, संयुक्त सचिव श्री विकास राय, श्रीमती सिमरन खत्री, श्री सन्नी खत्री, कार्यकारिणी सदस्य श्री कपिल कौशिक एवं श्री संजय त्यागी तथा युवा कार्यकारिणी सदस्य श्री हर्ष तोमर उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, एक्सेडी इंडिया लिमिटेड के मानव संसाधन विभाग के सहायक महाप्रबंधक श्री प्रदीप कुमार शर्मा, केबी कंपोनेंट्स लिमिटेड के मानव संसाधन प्रबंधक श्री अभिमन्यु कुमार एवं अनुरक्षण प्रबंधक श्री हरिओम, ऑप्टिक मैक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य परिचालन अधिकारी श्री पियूष गौड़ तथा युवा उद्यमी श्री आकाश चौहान ने भी सहभागिता की।

एनआईईटी की ओर से अपर प्रबंध निदेशक डॉ. नीमा अग्रवाल, प्राध्यापक एवं निदेशक डॉ. विनोद एम. कापसे तथा शैक्षणिक कार्यों के सहयोगी निदेशक डॉ. नरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिष्ठाता एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संस्थान के प्रतिनिधियों ने उद्योगों के साथ नियमित सहभागिता बढ़ाने, विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप शैक्षणिक कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में सार्थक कदम

बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने संयुक्त अनुसंधान, औद्योगिक परियोजनाओं, प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं नवाचार के क्षेत्र में भविष्य में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

यह पहल गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक विकास को गति देने, युवाओं की प्रतिभा को उचित दिशा प्रदान करने तथा शिक्षा को रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। उद्योगों के अनुभव और शैक्षणिक संस्थानों के ज्ञान का समन्वय आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने तथा वैश्विक विनिर्माण क्षेत्र में भारत की भूमिका को और प्रभावशाली बनाने में सहायक सिद्ध हो सकता है।

रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!