प्रेम में पगलाये आशिक ने मोबाइल टावर पर चढ़ किया हाई वोल्टेज ड्रामा
समझा-बुझाकर पुलिस ने उतारा ,किया शांति भंग में चालान ,पहले भी चढ़ा था इसी मोबाइल टावर पर हुई थी एफआईआर

औरंगाबाद (बुलंदशहर )लखावटी में एक युवक ने मोबाइल टावर पर चढ़ कर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा। पुलिस ने युवक का शांति भंग की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया। यह युवक पहले भी इसी टावर पर चढ़ कर फिल्म शोले का वीरु बन हाई वोल्टेज ड्रामा कर चुका है। उसका कहना है कि गांव की एक लड़की ने उसके साथ कोर्ट मैरिज की थी लेकिन अपने परिजनों के दबाव में वह अब उसके साथ नहीं रह रही।

थाना क्षेत्र के गांव लखावटी में गुरुवार को एक बार फिर से शोले फिल्म के वीरु की तरह ही एक युवक ने मोबाइल टावर पर चढ़ कर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। टावर पर चढ़े युवक ने अपनी कथित प्रेमिका को मौके पर बुलाकर बात कराने की फरमाइश करना शुरू कर दिया। सूचना पाकर थाना प्रभारी मौहम्मद असलम खान पुलिस बल को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और युवक को घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के पश्चात समझा-बुझाकर नीचे उतारा। पुलिस ने युवक से उसकी कोर्ट मैरिज के सबूत मांगे जिन्हें वो दिखाने में असमर्थ रहा। पुलिस ने उसे शांति भंग करने के आरोप में जेल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बरौली बासुदेवपुर निवासी अतुल को जेल भेजा गया है। विदित हो कि यह युवक कुछ माह पहले भी इसी टावर पर चढ़ कर हाई वोल्टेज ड्रामा कर चुका था। उस समय उसकी कथित पत्नी ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाया जिसके बाद वह नीचे उतरा था। उसकी कथित प्रेमिका के पिता ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






