बुलन्दशहर

नवरात्रि की महानवमी पर सेवा भारती बुलंदशहर नगर द्वारा कन्या लांगर पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन

बुलंदशहर:हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन पर्व पर सेवा भारती बुलंदशहर नगर के बैनर तले महानवमी के शुभ अवसर पर कन्या लांगर पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन दिनांक 1 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12:00 बजे से टांडा बस्ती, बुलंदशहर में संपन्न हुआ।

भारतीय संस्कृति में नारी को सृजन का प्रतीक, शक्ति का स्वरूप और देवी का अवतार माना गया है। विशेषकर नवदुर्गा के पावन अवसर पर जब सम्पूर्ण वातावरण माँ दुर्गा के जयकारों से गूंज उठता है, तब कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है। यह परंपरा केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि हमारी सोच, श्रद्धा और स्त्री शक्ति के प्रति सम्मान का जीवंत प्रमाण है।

कन्या लांगर पूजन कार्यक्रम इसी श्रद्धा और आस्था का पावन पर्व है, जिसमें नन्हीं कन्याओं को देवी के रूप में पूजकर उन्हें भोजन (लांगर) कराया जाता है। कहा जाता है कि “जहाँ नारी की पूजा होती है, वहाँ देवता निवास करते हैं।” इस भाव को हृदय में बसाकर हम कन्याओं को आदरपूर्वक आमंत्रित करते हैं, उनके चरण धोते हैं, उन्हें तिलक लगाते हैं, आरती उतारते हैं और प्रेमपूर्वक भोजन करवाते हैं।

यह कार्यक्रम केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में बालिकाओं के सम्मान और सुरक्षा का संदेश भी देता है। यह हमें स्मरण कराता है कि हर कन्या में माँ दुर्गा की झलक है  कोई कात्यायनी है, कोई कालरात्रि, कोई सिद्धिदात्री, तो कोई ब्रह्मचारिणी।

कन्या पूजन के साथ-साथ लांगर का आयोजन भी एक महान सेवा है। यह सामूहिक एकता, सेवा और करुणा की मिसाल पेश करता है। जब हम सभी एक साथ बैठकर भोजन करते हैं और भोजन कराते हैं, तो वह क्षण केवल पेट नहीं, आत्मा को भी तृप्त करता है।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक नहीं, सामाजिक और नैतिक भी है — ताकि हम अपने आसपास की कन्याओं को आदर, स्नेह और समानता का अधिकार दें, उनकी शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य के लिए सजग रहें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कन्याओं एवं बच्चों ने भाग लिया और पूजन के उपरांत सभी को ससम्मान भोजन कराया गया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सम्मान, सेवा भावना और संस्कारों का प्रचार-प्रसार करना रहा।

इस सफल आयोजन में अनेक गणमान्य व्यक्तियों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जिनमें प्रमुख रूप से गोपाल कृष्ण, अशोक शर्मा, नेम जी, जयप्रकाश गुप्ता, जितेंद्र जी, शोभा जी, अंकित जी, टीकम जी, अरविन्द जी, विकास अग्रवाल, रितेश शर्मा, पवन, राजेश गर्ग, सुरेन्द्र गुप्ता, तुषार, हर्ष, अनिकेत आदि शामिल रहे।

अंत में माँ दुर्गा से यही प्रार्थना है कि वे हम सभी को शक्ति, भक्ति और समर्पण का आशीर्वाद दें, और हमारे जीवन में सदैव धर्म, प्रेम और सेवा की भावना बनी रहे।

कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों का सेवा भारती बुलंदशहर नगर की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!