
औरंगाबाद (बुलंदशहर )राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) के साथ कुछ लोगों ने मामूली कहासुनी के बाद लाठी डंडों से जबरदस्त धुनाई कर डाली। हमले में राजस्व निरीक्षक बुरी तरह ज़ख़्मी हो गये। राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले जेल भेज दिया।
राजस्व निरीक्षक सुंदर सिंह भाटी अपने साथियों रतनवीर अमीन,रवि शर्मा राजस्व निरीक्षक स्याना,पीतम सिंह रिटायर्ड राजस्व निरीक्षक दरेश कुमार सीजनल अमीन के साथ गाड़ी में बुलंदशहर लौट रहे थे। औरंगाबाद बस स्टैंड के समीप एक मधुबडा विक्रेता देवेन्द्र सैनी की दुकान से सामान खरीदने के बाद बुलंदशहर की ओर चल दिए। पीछे से आये बाइक सवार लगभग आधा दर्जन युवकों ने राजकीय कन्या इंटर कालेज के सामने ओवरटेक कर गाड़ी रुकवा ली। युवकों ने गाड़ी चला रहे राजस्व निरीक्षक से खरीदे गए मधुबडों का भुगतान नहीं किए जाने की बात कही जिसपर उन्होने पांच सौ का नोट युवकों को थमा दिया। लेकिन इस के बाबजूद युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दी। ऐतराज करने पर युवकों ने लाठी डंडों से हमला बोल दिया। राजस्व निरीक्षक सुंदर सिंह भाटी और रतनवीर अमीन को चोटें आई। सुंदर सिंह भाटी ने दो पिता पुत्रों व आधा दर्जन अज्ञात लोगों को नामजद करते हुए लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों नामजद आरोपियों देवेन्द्र सैनी तथा उसके पुत्र अनुज सैनी को हिरासत में ले कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। सुंदर सिंह भाटी का मैडिकल कराया गया है। तदानुसार आवश्यक कठोर कार्रवाई होगी।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






