एसडीओ के निलंबन की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया का जोरदार प्रदर्शन

नोएडा:दनकौर बिजली घर में शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। रीलखा निवासी हरेंद्र कसाना के यहां पिछले सप्ताह सुबह विजिलेंस टीम द्वारा छापा मारने को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि दनकौर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ अजय गुप्ता ने बदले की भावना से हरेंद्र कसाना के यहां विजिलेंस का छापा डलवाकर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया है।
सोमवार को करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदेश महासचिव मास्टर दिनेश नागर के नेतृत्व में ईटेडा स्थित यूपीपीसीएल कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन अधिशाषी अभियंता को संबोधित करते हुए जेई पवन कुमार को सौंपा।
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि ज्ञापन में मांग की गई कि वायरल वीडियो में शराब पीते दिखाई दे रहे एसडीओ अजय गुप्ता सहित अन्य कर्मचारियों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल निलंबन किया जाए।
मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों को उजागर करने वालों को डराने का प्रयास लोकतंत्र के खिलाफ है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस दौरान मास्टर दिनेश नागर,राकेश नागर, हरेंद्र कसाना, श्रवण नागर, जितेंद्र भाटी, अनुज कसाना, टीटू पहलवान, महेश नागर, संकेत कसाना, पंकज नागर, राहुल शर्मा, शिवम कसाना, गजराज, बिजेंद्र मास्टर, गिरिराज, रजनीश शर्मा, संजय कसाना सहित संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






