शिक्षण संस्थान

ओपेन माइक में गूंजे युवाओं के विचार, स्वप्निल बैस ने हासिल किया प्रथम स्थान

ग्रेटर नोएडा: युवाओं को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यूथ फॉर नेशन द्वारा जलवायु विहार स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित ‘विचार प्रकटीकरण’ कार्यक्रम उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में युवाओं ने देश, समाज, शिक्षा, तकनीक और समसामयिक मुद्दों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री महेन्द्र सिंह, क्लस्टर निदेशक (मानव संसाधन), रैडिसन ब्लू, श्री बिपिन श्रीवास्तव, डीन छात्र कल्याण, गलगोटिया कॉलेज, तथा श्री राज कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (प्रवेश), आईआईएलएम विश्वविद्यालय उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विचारों की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ आदित्य शर्मा एवं दिया द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। उनकी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उत्साह और देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने “देशभक्ति”, “सोशल मीडिया बनाम असली रिश्ते”, “डिग्री बनाम कौशल”, “नारी सम्मान”, “फेक न्यूज़”, “कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीक”, तथा “मेरा भारत 2040” जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच स्वप्निल बैस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अक्षरा शर्मा द्वितीय तथा काशिश चौहान तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि प्रभावी संवाद और तार्किक अभिव्यक्ति भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।

यूथ फॉर नेशन के चेयरमैन सुनील त्यागी, अध्यक्ष सुभाष तिवारी तथा उपाध्यक्ष अनीता शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने बताया कि संस्था युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक चिंतन से जोड़ने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रही है।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “सोच नई, राह नई, भारत की उड़ान नई” के संदेश के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!