लखावटी नहर में नौ मृत गौ मिलने से मचा हड़कंप, गौ रक्षक टीम ने पुलिस को दी सूचना

बुलंदशहर:औरंगाबाद क्षेत्र प्रेमपुर गांव के पास लखावटी नहर में एक साथ नौ मृत गौ मिलने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नहर में मृत गौ पड़े होने की सूचना मिलते ही गौ रक्षक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गौ रक्षक टीम द्वारा तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जानकारी ली। नहर में बड़ी संख्या में मृत गौ मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई।
इसके बाद गौ रक्षक टीम ने जेसीबी की मदद से मृत गौ को नहर से बाहर निकलवाया। टीम द्वारा सभी मृत गौ को एक स्थान पर ले जाकर उचित तरीके से दफन कराकर उनका निस्तारण कराया गया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मौके पर मौजूद लोगों से भी सहयोग की अपील की।
एक साथ इतनी संख्या में मृत गौ मिलने की घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि गौ नहर तक कैसे पहुंचीं और उनकी मौत किस परिस्थिति में हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। वहीं, गौ रक्षक टीम के सदस्यों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। नितिन लोधी जिला कोषअध्यक्ष, अमित लोधी, दीपक लोधी, धर्मेंद्र लोधी, राजकुमार लोधी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृत गौ की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।






