गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में मनायी गई विश्वकर्मा पूजा

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग में भगवान विश्वकर्मा की पूजा का धार्मिक एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के सभी संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे और पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया गया तथा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया। हवन के माध्यम से सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना की गई। पूजा के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से मंत्रोच्चारण में भाग लिया, जिससे परिसर में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर डॉ. कीर्ति पाल, डीन, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंगकी गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ डॉ. एच. सी. ठाकुर, विभागाध्यक्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग; डॉ. ओमवीर सिंह, विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग; तथा डॉ. निर्मिता मल्होत्रा, विभागाध्यक्ष, आर्किटेक्चर विभाग उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डॉ. सतपाल शर्मा, डॉ. धर्मवीर मंगल सहित स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के अन्य संकाय सदस्य भी पूजा में शामिल हुए।
पूजा के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। विश्वकर्मा पूजा के आयोजन ने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ भारतीय परंपराओं, संस्कृति और मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






