अंतरराष्ट्रीय जाट संसद सम्मेलन का ग्राम बिरोडी में हुआ भव्य आयोजन
“शिक्षा, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण समाज की प्रगति की कुंजी हैं” – अनीता चौधरी अंतरराष्ट्रीय जाट संसद महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध नगर के ग्राम बिरोडी में आज अंतरराष्ट्रीय जाट संसद सम्मेलन का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर दिल्ली, फ़रीदाबाद, ग़ाज़ियाबाद, मेरठ, मुज़फ़्फ़रनगर, सहारनपुर, खुर्जा, बुलंदशहर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से जाट समाज के अनेक विशिष्टजन, राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं ज़िला स्तरीय पदाधिकारी तथा महिला शक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रही।
सम्मेलन की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय जाट संसद के अध्यक्ष श्री पी.एस. कलवानिया ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “समाज के विकास के लिए शिक्षा में सुधार अनिवार्य है तथा दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा को समाप्त करना हमारा सामूहिक दायित्व है।”
इस अवसर पर समाजसेवा एवं संगठनात्मक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान हेतु ग्रेटर नोएडा निवासी अंतरराष्ट्रीय जाट संसद महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव श्रीमती अनीता चौधरी को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
पिछले दो दशकों से ग्रेटर नोएडा में निवासरत श्रीमती अनीता चौधरी विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़ी रही हैं। उन्होंने वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियानों के साथ-साथ निर्धन कन्याओं के विवाह जैसे समाजोपयोगी कार्यों में उनकी भूमिका सदैव अग्रणी और प्रेरणादायी रही है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्रीमती अनीता चौधरी ने कहा कि “अंतरराष्ट्रीय जाट संसद समाज की एकता और विकास का सशक्त प्रतीक है। इस संगठन से जुड़ना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं विशेष रूप से अध्यक्ष श्री पी.एस. कलवानिया जी का आभार व्यक्त करती हूँ, जिनके मार्गदर्शन में संगठन निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रहा है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं का मार्गदर्शन ही समाज के वास्तविक विकास की आधारशिला है। हम सब मिलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएँ और आने वाली पीढ़ियों के लिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करें।”
अंत में श्रीमती अनीता चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय जाट संसद, ज़िला गौतम बुद्ध नगर सहित सभी महिला एवं पुरुष पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं तथा संगठन की निरंतर सफलता की कामना की।
—