गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रावास में सावित्रीबाई फुले जयंती का आयोजन

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रावास में महान समाज सुधारक एवं महिला शिक्षा की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम छात्रावास द्वारा उनके शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय से जुड़े विचारों को स्मरण करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बालिका छात्रावासों की मुख्य अधीक्षिका डॉ. निधि पाल सिंह तथा सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रावास की अधीक्षिका डॉ. बिपाशा सोम गुन की गरिमामयी उपस्थिति रही। अपने संबोधन में उन्होंने सावित्रीबाई फुले के प्रेरणादायक जीवन, महिला शिक्षा में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा आज के सामाजिक संदर्भ में उनकी विचारधारा की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
छात्रावास की छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए भाषण एवं कविता पाठ के माध्यम से सावित्रीबाई फुले के संघर्ष, कार्य और सामाजिक योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों में छात्राओं की जागरूकता, संवेदनशीलता और सम्मान भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक वातावरण में हुआ, जिसमें सावित्रीबाई फुले द्वारा प्रतिपादित शिक्षा, सशक्तिकरण और सामाजिक समानता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।







