गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में शॉर्ट फिल्म ‘सेल्फी प्लीज़’ की भावनात्मक स्क्रीनिंग, दर्शकों ने सराहा संवेदनशील संदेश

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में प्रसिद्ध पटकथा लेखिका एवं फिल्म निर्देशक अनु सिंह द्वारा निर्देशित शॉर्ट फिल्म ‘सेल्फी प्लीज़’ की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रतीक फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
शॉर्ट फिल्म ‘सेल्फी प्लीज़’ एक ऐसे परिवार की संवेदनशील और भावनात्मक कहानी को प्रस्तुत करती है, जिसमें परिवार का एक सदस्य डाउन सिंड्रोम से पीड़ित होता है। फिल्म ने पारिवारिक संबंधों, अपनत्व, स्वीकार्यता और सामाजिक संवेदनशीलता को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। फिल्म के भावनात्मक दृश्य और सशक्त कथा ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया, जिसे सभागार में उपस्थित दर्शकों से भरपूर सराहना मिली।
“इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री रविन्द्र इंद्राज सिंह के प्रतिनिधि डॉ. दुर्गेश, माननीय समाज कल्याण मंत्री, दिल्ली सरकार के निजी सचिव के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सम्मानित अतिथियों में फ़िल्म की निर्देशक अनु सिंह, फ़िल्म कलाकार प्रीति अग्रवाल तथा प्रतीक फाउंडेशन से मिस जागृति शामिल रहीं।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा,“‘सेल्फी प्लीज़’ जैसी फिल्में समाज को आईना दिखाने का कार्य करती हैं। डाउन सिंड्रोम से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करना आज की आवश्यकता है। कला और सिनेमा सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम हैं और यह फिल्म उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।”
उन्होंने इस तरह की रचनात्मक और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी फिल्मों को शैक्षणिक परिसरों में प्रदर्शित किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
फिल्म की स्क्रीनिंग के उपरांत फिल्म में उठाए गए मुद्दों पर एक पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीन अकादमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय , डीन स्टूडेंट्स अफेयर्स डॉ. मनमोहन सिंह सिसोदिया, डिप्टी रजिस्ट्रार प्रो. उत्तम कुमार, डीन स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज़ प्रो. माधव गोविंद, डॉ राहुल कपूर सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
फिल्म की निर्देशक अनु सिंह ने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फिल्म का उद्देश्य मनोरंजन के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है, ताकि विशेष जरूरतों वाले व्यक्तियों और उनके परिवारों को समझा और स्वीकार किया जा सके।
कार्यक्रम का समापन तालियों की गूंज और भावनात्मक माहौल के साथ हुआ, जिसने यह सिद्ध किया कि ‘सेल्फी प्लीज़’ न केवल एक फिल्म है, बल्कि सामाजिक संवेदना का सशक्त संदेश भी है। कार्यकम का सफल संचालन अंग्रेज़ी विभाग से डॉ मंजरी सुमन ने किया .







