आईसीसीआर प्रतिनिधिमंडल ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का किया दौरा, फेलोशिप पहलों की समीक्षा

ग्रेटर नोएडा :गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू ) में आज भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आई सीसी आर ) के उत्तर क्षेत्रीय निदेशक श्री के. अय्यनार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। इस दौरान उनके साथ आईसीसीआर फेलोशिप डीलिंग असिस्टेंट श्री रविकुमार भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह से मुलाकात की।
बैठक के दौरान आईसीसीआर फेलोशिप कार्यक्रमों तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग और विदेशी छात्रों के समर्थन से संबंधित नवीनतम नियमों एवं दिशानिर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में अध्ययनरत आईसीसीआर फेलोशिप प्राप्त अंतरराष्ट्रीय छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, उनके अनुभवों और आवश्यकताओं की भी समीक्षा की गई।
दौरे के दौरान आईसीसीआर प्रतिनिधिमंडल ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रहे आईसीसीआर फेलोशिप धारकों से भी संवाद किया। इस संवाद के माध्यम से छात्रों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया गया, उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना गया तथा आईसीसीआर पहलों के अंतर्गत संस्थागत सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
इस बैठक का आयोजन एवं समन्वय, निदेशक, इंटरनेशनल अफेयर्स , गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय एवम् स्कूल ऑफ़ बुद्धिस्ट स्टडीज़ एंड सिविलाइज़ेशन के विभागाध्यक्ष डॉ. चिंतला वेंकट शिवसाई द्वारा किया गया। यह दौरा आईसीसीआर और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के बीच अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आदान-प्रदान एवं सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।







