ग्रेटर नोएडा

जीबीयू के छात्र अब कर सकेंगे सिविल सेवा की तैयारी: जीबीयू और तथास्तु संस्थान के बीच ऐतिहासिक समझौता

ग्रेटर नोएडा : गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) ने सिविल सेवा की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए तथास्तु सिविल सर्विसेज ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के साथ समझौता ज्ञापन (एम ओ यू ) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए एकीकृत बीए + यूपीएससी सिविल सेवा तैयारी कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

यह पहल पारंपरिक विश्व विद्यालयी शिक्षा और संघ लोक सेवा आयोग (यू पी एस सी ) द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत अकादमिक शिक्षा को करियर उन्मुख तैयारी से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल उन छात्रों के लिए नए अवसर खोलेगी, जो सिविल सर्विसेज सेवा में अपना करियर बनाना चाहते हैं।

कार्यक्रम में अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय, डिप्टी रजिस्ट्रार प्रो. उत्तम कुमार, विभिन्न स्कूलों के डीन, तथा तथास्तु संस्थान के मुख्य वित्त अधिकारी अजय जैन, मुख्य विपणन अधिकारी रोहित जैन सहित कई फैकल्टी एवं प्रशासनिक सदस्य उपस्थित रहे।

तथास्तु सिविल सर्विसेज ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. तनु जैन (पूर्व सिविल सेवक) ने कहा कि यह सहयोग छात्रों को स्नातक स्तर से ही सिविल सेवा की सुनियोजित तैयारी शुरू करने का अवसर प्रदान करेगा। इससे वे शासन और लोक प्रशासन के क्षेत्र में मजबूत आधार तैयार कर सकेंगे।

इस एकीकृत कार्यक्रम के अंतर्गत जीबीयू में बीए कर रहे छात्रों को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ यूपीएससी की संरचित तैयारी कराई जाएगी। इसमें सामान्य ज्ञान , करंट अफेयर्स आंसर राइटिंग प्रैक्टिस तथा पर्सनालिटी डेवलपमेंट जैसे महत्वपूर्ण मॉड्यूल शामिल होंगे।

यह प्रस्तावित पाठ्यक्रम उन विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा, जो सिविल सेवा में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!