गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का वैश्विक कदम: मोनाश यूनिवर्सिटी के साथ शैक्षणिक समझौता

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करते हुए मोनाश यूनिवर्सिटी , क्लेटन, विक्टोरिया (ऑस्ट्रेलिया) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एम ओ यू ) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता शिक्षा, शोध एवं फैकल्टी विकास के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
मोनाश यूनिवर्सिटी एक आधुनिक, वैश्विक और शोध-प्रधान विश्वविद्यालय है, जो ऑस्ट्रेलिया और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट शिक्षा और शोध के लिए जानी जाती है। क्यूएस (क्यू एस ) रैंकिंग के अनुसार यह विश्वविद्यालय विश्व में 36वें स्थान पर है तथा ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष 5 विश्वविद्यालयों में शामिल है।
इस समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रोo राणा प्रताप सिंह , डीन एकेडमिक्स प्रोo राजीव वार्ष्णेय, डीन प्रोo माधव गोविंद सहित विभिन्न स्कूलों के डीन उपस्थित रहे। वहीं मोनाश यूनिवर्सिटी की ओर से डिप्टी वाइस चांसलर प्रोo क्रिस जेफरी प्रो. डियाना लीही सहित अन्य संकाय सदस्य ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
इस समझौते के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तय की गई हैं। इनमें शिक्षक प्रशिक्षण एवं विकास कार्यक्रमों का संचालन, पारस्परिक रुचि के क्षेत्रों में संयुक्त शोध कार्य, तथा दोनों विश्वविद्यालयों के फैकल्टी सदस्यों के बीच अकादमिक एवं शोध क्षमता निर्माण के लिए संवाद और सहयोग शामिल हैं।
यह पहल शिक्षा, शोध और फैकल्टी प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस सहयोग के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाएं, सेमिनार, कार्यशालाएं, शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित करेंगे। इससे शिक्षकों और छात्रों को शोध, प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
गौरतलब है कि यह एम ओ यू दोनों विश्वविद्यालयों के बीच क्षमता निर्माण, अकादमिक सहयोग और शोध गतिविधियों के संचालन के लिए एक मार्गदर्शक दस्तावेज के रूप में कार्य करेगा, जिससे भविष्य में दीर्घकालिक शैक्षणिक साझेदारी को मजबूती मिलेगी।






