भावसी में हुई नव विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत
मृतका के भाई की तहरीर पर सुसराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज दो नामजद हिरासत में,पोस्टमार्टम कराने भेजा, नायब तहसीलदार तथा सी ओ सिटी ने किया मौका मुआयना

औरंगाबाद( बुलंदशहर )थाना क्षेत्र के गांव हिंगथला उर्फ भावसी में शनिवार को एक नव विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सुसराल पक्ष ने विवाहिता की बिजली करंट लगने से मौत हो जाना बताया जबकि मौके पर पहुंचे मायके वालों ने विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप सुसरालियों पर लगाते हुए जोरदार हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराने मोर्चरी भेजा। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नामजद दो आरोपियों को हिरासत में ले गया। सी ओ प्रखर पांडे ने भी गांव पहुंच कर घटना का जायजा लिया और थाना पुलिस को बाकी दो अन्य अभियुक्तों को भी शीघ्र बंदी बना कर कानून के कठघरे में खड़ा करने के कड़े निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवाहिता ने दो माह पूर्व ही प्रेम विवाह किया था। घटना से समूचे गांव में सनसनी है।

गांव भावसी निवासी राजेंद्र सिंह जाटव के पुत्र विशाल की पत्नी राधा उम्र लगभग 21 वर्ष शनिवार की शाम गांव में अपनी सुसराल वाले घर में मृत पाई गई। राधा के सुसराल पक्ष के लोगों ने राधा के मायके में फोन करके सूचना दी कि राधा की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मायके वालों ने राधा की सुसराल पहुंच कर देखा तो लाश पर करंट लगने का कोई संकेत नजर नहीं आया। राधा के साथ रह रहे सात साल के उसकी बहिन के लड़के ने राधा की विशाल द्वारा पंखे से लटका कर फांसी लगाकर हत्या करने की बात बताई। मृतका के शरीर पर निशान पाए गए जो कि करंट लगने के नहीं थे। इस पर मायके वालों ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौहम्मद असलम खान भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने मोर्चरी भिजवाया। फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के परिजनों ने बताया कि राधा और विशाल एक समारोह में एक दूसरे के करीब आये और दो महीने पहले ही दोनों ने प्रेम-विवाह कर लिया। परिजनों का कहना था कि विशाल राधा को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। शादी के बाद से ही विशाल और राधा कस्बा औरंगाबाद में जंगली पीर मौहल्ले में रह रहे थे। दो तीन दिन पहले राधा अपने मायके से ससुराल पहुंची। शुक्रवार को राधा ने अपने पति को एक अन्य युवती ने फोन पर बात करते देखा तो दोनों में कलह हुई। शनिवार सुबह को विशाल योजनाबद्ध तरीके से राधा को भावसी गांव वाले घर में लेकर आया जहां उसने अपने भाई पवन और भाभी रेखा के साथ मिलकर राधा को फांसी लगाकर मार डाला।
मृतका के भाई अंकित पुत्र राजकुमार जाटव निवासी ग्राम भोवापुर थाना पिलखुवा ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर अपनी बहन के सुसर राजेन्द्र सिंह जाटव,पति विशाल,जेठ पवन और जिठानी रेखा पर दहेज की खातिर अपनी बहन राधा। की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर राजेन्द्र सिंह और विशाल को हिरासत में ले लिया। जेठ जेठानी फरार होने में कामयाब रहे। नायब तहसीलदार औरंगाबाद ललित नारायण प्रशांत और क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पांडे ने भी गांव पहुंच कर घटना का जायजा लिया और बाकी दोनों नामजद अभियुक्तों को तलाश कर कानून के कठघरे में खड़ा करने के सख्त निर्देश दिए।
घटना से पूरे गांव में सनसनी फैली है,
रिपोर्टर -राजेंद्र अगवाल






