जेपी अमन सोसायटी की बिल्डिंग का स्ट्रक्चर ऑडिट कराने की मांग, करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने यमुना प्राधिकरण को सौंपा ज्ञापन
ग्रेटर नोएडा : सेक्टर-151 स्थित जेपी अमन सोसायटी की बिल्डिंग से प्रतिदिन प्लास्टर टूटकर गिरने तथा भवन की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर सोसायटी का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष स्ट्रक्चर ऑडिट कराने की मांग की।
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि बिल्डिंग से प्लास्टर गिरने की घटनाओं के कारण सोसायटी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। यदि समय रहते भवन की तकनीकी जांच नहीं कराई गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए विशेषज्ञ एजेंसी से स्ट्रक्चर ऑडिट कराकर भवन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए तथा रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि यमुना प्राधिकरण से मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि सोसायटी के निवासियों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। संगठन ने कहा कि जनहित और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए समयबद्ध कदम उठाना आवश्यक है।






