फिर हुआ औरंगाबाद पानी पानी, स्कूली बच्चों और श्रृद्धालुओं को हुई भारी असुविधा
मेन बाजार,नागेश्वर मंदिर रोड बालका रोड ,नयी बस्ती, वाल्मीकि बस्ती में भयंकर जलभराव

औरंगाबाद( बुलंदशहर) औरंगाबाद में बारिश के चलते जगह जगह भयंकर जलभराव हो जाने से तमाम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में और श्रृद्धालुओं को नागेश्वर मंदिर पहुंचने में भारी असुविधाजनक स्थिति का सामना करना पड़ा। मेन बाजार में सड़क और आसपास की तमाम गलियों में पानी भर गया। कस्बे में हुए भयंकर जलभराव से जहां डृेनेज सिस्टम की पोल खुल कर सामने आ गयी वहीं नालियों और नालों पर हुआ अवैध अतिक्रमण भी जलभराव के लिए कम जिम्मेदार नहीं नजर आया।
बुधवार की रात्रि में शुरू हुई बारिश से जगह-जगह हुए भीषण जलभराव से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। जहां एक ओर नेशन पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज,समर्थभारती इंटर कालेज आदि में पढ़ने वाले बच्चे स्कूल नहीं पहुंच सके वहीं सावन के पवित्र मास में नागेश्वर मंदिर पहुंचने में श्रृद्धालुओं को गन्दे बदबूदार पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा । नगर पंचायत के सर्वेसर्वा एक ओर अपने विकास कार्यों की गाथा सोशल मीडिया पर फोटो डालकर अपने मुंह मियां मिट्ठू बनते नहीं अधा रहे वहीं आम आदमी भृष्टाचार में आकंठ डूबे इन सर्वेसर्वाओं को जी भर कर कोसते नहीं थक रहे। लोगों का कहना है कि एक गली में खड़ंजा सीसी रोड उंचा कर दिया जाता है दूसरी गली में पानी भरने को छोड़ दिया जाता है। वाल्मीकि बस्ती में सड़क नीची है जबकि वाल्मीकि चौक पर ऊंची सड़क बनाकर वाल्मीकि बस्ती में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने अपनी गली के रास्ते को सडक के लेबल में कराये जाने की गुहार लगाई लेकिन किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। आश्वासन का लालीपाप थमा कर वाल्मीकि समाज के लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






