इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा ने धूमधाम से मनाया तीज एवं सावन मिलन समारोह

ग्रेटर नोएडा: इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा द्वारा तीज महोत्सव एवं सावन मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे आयोजन में सावन और तीज की पारंपरिक छटा देखने को मिली।
समारोह में सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में अंकिता सिंह को तीज क्वीन, स्वाति को बैंगल क्वीन तथा सरिता चोपड़ा को मेहंदी क्वीन चुना गया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शैली गर्ग, क्लब सचिव द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्लब की ओर से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। होटल के सभी स्टाफ को पॉलीथिन का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया तथा कपड़े के बैग में लकड़ी की कंघी और लकड़ी का टूथब्रश वितरित किए गए। क्लब सदस्यों ने लोगों से पर्यावरण की रक्षा और प्लास्टिक के कम से कम उपयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष अनिता सिंह ने सभी सदस्यों को तीज एवं सावन मिलन की शुभकामनाएं दीं और क्लब के सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में डॉ. ईहा, प्रतिमा सिसोदिया, इमानी बंसल, उमा गोयल, सरिता आनंद, पूजा अग्रवाल, डॉ. मधुश्री वर्मा सहित क्लब की अनेक सदस्य उपस्थित रहीं। समारोह हंसी-खुशी, सौहार्द और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
रिपोर्ट मुकुल गोयल






