ग्रेटर नोएडा

इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस महापर्व

ग्रेटर नोएडा:इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए), गौतम बुद्ध नगर द्वारा आज अपने मुख्य कार्यालय, प्लॉट नं. 18, सेक्टर-31, इकोटेक-1, ग्रेटर नोएडा में 80वें स्वतंत्रता दिवस महापर्व का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमियों, उद्योगों के कर्मचारियों, मातृशक्ति, बच्चों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय गौरव का अनुपम परिचय दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों के रूप में भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान श्रीमती निर्मल तंवर, कारगिल युद्ध के शौर्य पदक विजेता पूर्व मेजर श्री राकेश शर्मा, भारतीय नौसेना के पदक विजेता पूर्व कैप्टन श्री जयपाल सिंह भाटी, वरिष्ठ समाजसेवी श्री राहुल नंबरदार तथा भारतीय जनता पार्टी, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा जी के पूज्य पिताश्री एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी विशिष्ट अतिथियों ने आईबीए के अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय एवं उनकी पूरी टीम के साथ ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर डॉ. राजेश शर्मा जी का स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद सभी उद्यमियों और उपस्थित जनसमूह को प्राप्त हुआ।

ध्वजारोहण के उपरांत सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया तथा “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। सभी उद्यमियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर, गले मिलकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के लिए सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी अमर शहीदों एवं वीर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही हाल ही में इकोटेक-3 स्थित एक फैक्ट्री में आग बुझाते समय अपने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले दो वीर अग्निशमन कर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इस अवसर पर बच्चों ने मनमोहक देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का हृदय जीत लिया। पूर्व मेजर श्री राकेश शर्मा, श्रीमती निर्मल तंवर, पूर्व कैप्टन श्री जयपाल सिंह भाटी, श्री राहुल नंबरदार एवं डॉ. राजेश शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में युवाओं, उद्यमियों एवं समाज के प्रत्येक नागरिक से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उनके प्रेरक विचारों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के जोश से ओत-प्रोत कर दिया।

आईबीए के अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने सभी अतिथियों, उद्यमियों, मातृशक्ति, बच्चों एवं उपस्थित नागरिकों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि «”स्वतंत्रता केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि करोड़ों वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का अमूल्य परिणाम है। हम सभी का प्रथम कर्तव्य है कि राष्ट्रहित को हर व्यक्तिगत हित से ऊपर रखें और एक विकसित, आत्मनिर्भर तथा समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान दें। यही सच्ची देशभक्ति और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति वास्तविक श्रद्धांजलि होगी।”»

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महासचिव श्री सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, उपाध्यक्ष श्री सुधीर त्यागी, कार्यकारिणी सदस्य श्री संजय त्यागी, श्री संजय पांचाल, श्रीमती ऋतु चौहान, श्रीमती ऋषिका उपाध्याय, श्री दक्ष शर्मा, श्री संजीव चौहान, श्री सुभाष चौहान सहित सैकड़ों उद्यमी, कर्मचारी, मातृशक्ति एवं बच्चे उपस्थित रहे।

समारोह का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “जय हिन्द” के गगनभेदी उद्घोषों के साथ हुआ। पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता, एकता और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत दिखाई दिया। सभी ने यह संकल्प लिया कि राष्ट्रहित, समाजहित और जनहित को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने में अपना सक्रिय योगदान देंगे।

रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!