शारदा विश्वविद्यालय में ‘खेल की बात PM के साथ’ कार्यक्रम आयोजित
युवाओं ने लिया खेल और स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प

ग्रेटर नोएडा: राष्ट्रीय खेल दिवस एवं मेरा युवा भारत पहल के तहत शारदा विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) द्वारा ‘खेलो इंडिया संवाद खेल की बात PM के साथ ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल, फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में विभिन्न खेलों से जुड़े युवा खिलाड़ियों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। रेसलिंग खिलाड़ी आर्यन ने खेल में अनुशासन, फिटनेस और मानसिक मजबूती के महत्व पर बात की। गौतम बुद्ध नगर की फुटबॉल खिलाड़ी समृद्धि त्रिपाठी ने टीमवर्क, नेतृत्व और आत्मविश्वास को खेल का अहम हिस्सा बताया, जबकि फेंसिंग खिलाड़ी प्रकृति शर्मा ने फोकस, लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम के दौरान ‘खेल की बात PM के साथ’ के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लाइव संवाद का प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेलों को केवल पदक जीतने तक सीमित न रखते हुए अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम बताया।
इस अवसर पर आर्यन, समृद्धि त्रिपाठी और प्रकृति शर्मा को उनकी खेल उपलब्धियों एवं युवाओं को प्रेरित करने के लिए फेलिसिटेट किया गया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया तथा खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।
डीन, स्टूडेंट वेलफेयर, डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा “युवाओं के लिए खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये उन्हें अनुशासन, जिम्मेदारी और टीम के साथ काम करना भी सिखाते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाना आज के युवाओं के लिए बेहद जरूरी है। NSS के माध्यम से हम विद्यार्थियों को खेल और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी से जोड़ने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।”
इस कार्यक्रम के दौरान NSS Cell की कोऑर्डिनेटर डॉ. शांति नारायण, डॉ. सुमन लता धर, स्पोर्ट्स ऑफिसर रिशांक अग्रवाल सहित सभी विभागों के हेड, डीन, फैकल्टी मेंबर, स्टाफ, स्टूडेंट्स आदि मौजूद रहे।






