ग्रेटर नोएडा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में प्रथम एलुमनी मीट का भव्य आयोजन, देश-विदेश से जुटे पूर्व छात्र

कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने पूर्व छात्रों की उपलब्धियों पर जताया गर्व, विश्वविद्यालय से जुड़े रहने का किया आह्वान

ग्रेटर नोएडा :गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU), ग्रेटर नोएडा में गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी एलुमनी एसोसिएशन (GBUAA) की ओर से प्रथम एलुमनी मीट का भव्य आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के लिए यह आयोजन विशेष और ऐतिहासिक रहा, जिसमें देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पूर्व छात्र शामिल हुए। लंबे समय बाद एक मंच पर जुटे पूर्व छात्रों ने विश्वविद्यालय में बिताए अपने पुराने दिनों की यादें साझा कीं और एक-दूसरे से मुलाकात कर अपने अनुभवों को साझा किया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर स्थित इंटरनेशनल गेस्ट हाउस में किया गया। इस दौरान पूर्व छात्रों ने अपने शैक्षणिक सफर, विश्वविद्यालय से जुड़ी यादों तथा अपने वर्तमान अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम ने पूर्व छात्रों और विश्वविद्यालय के बीच संबंधों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने सभी पूर्व छात्रों का स्वागत किया और उनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र आज देश और विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और क्षमता के माध्यम से विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।

कुलपति ने कहा कि पूर्व छात्रों की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की पहचान और प्रतिष्ठा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने पूर्व छात्रों से विश्वविद्यालय के साथ अपने जुड़ाव को निरंतर बनाए रखने तथा संस्थान की शैक्षणिक और समग्र प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार, महासचिव श्री सुनील शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह तथा उप महासचिव सुश्री गार्गी शर्मा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डॉ. अर्पित भारद्वाज, डॉ. विनय लिटोरिया, डॉ. अरुण सोलंकी, डॉ. बरखा सिंघल, डॉ. सुभोजित बनर्जी और डॉ. राजू पाल सहित विभिन्न डीन, प्राध्यापक एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अपना मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया।

प्रथम एलुमनी मीट का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को एक साझा मंच पर जोड़ना, उनके बीच आपसी संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देना तथा विश्वविद्यालय के विकास में उनकी भागीदारी को मजबूत करना रहा।

“रीकनेक्ट रिलीव रियूनाइट .” की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पूर्व छात्रों के बीच नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान पुराने मित्रों और सहपाठियों ने एक-दूसरे के साथ अपनी यादें साझा कीं और विश्वविद्यालय से जुड़े अपने अनुभवों को फिर से जीवंत किया।

एलुमनी मीट के माध्यम से पूर्व छात्रों के बीच निरंतर संवाद स्थापित करने, उनके अनुभवों और विशेषज्ञता का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों तक पहुंचाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन एवं सहयोग के नए अवसर विकसित करने की दिशा में भी पहल की गई।

कार्यक्रम के अंत में गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी एलुमनी एसोसिएशन ने प्रथम एलुमनी मीट को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पूर्व छात्रों, एसोसिएशन के पदाधिकारियों, विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं समस्त विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!