जीएनआईओटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने तीन संस्थाओं के साथ किए एमओयू

ग्रेटर नोएडा : जीएनआईओटी (इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट), ग्रेटर नोएडा के सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने उद्योग एवं शिक्षा जगत के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज परिसर में तीन संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इन सहयोगों का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक निर्माण तकनीकों, उन्नत निर्माण उपकरणों और उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं से परिचित कराना तथा उनके लिए प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के अवसर बढ़ाना है।

एमओयू पर इंडियन चैंबर ऑफ कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री (आईसीसीआई), दिल्ली की ओर से अध्यक्ष श्री प्रेम खेमसरा अथर्वा लेबोरेटरीज, नोएडा की ओर से चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक श्री संदीप जिंदल तथा रॉयल कॉन्टिनेंटल कंस्ट्रक्शंस, ग्रेटर नोएडा की ओर से श्री उमेश तंवर ने हस्ताक्षर किए।

यह पहल जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के माननीय प्रबंधन की उस दूरदृष्टि के अनुरूप है, जिसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, नवाचार और रोजगारपरक कौशल के विकास को प्राथमिकता दी जाती है। प्रबंधन के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग से विभाग विद्यार्थियों को उद्योग से जोड़ने और उन्हें भविष्य की पेशेवर चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता ने कहा, “उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच सक्रिय सहयोग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। ये समझौते विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान का वास्तविक कार्यस्थलों पर उपयोग समझने तथा उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप अपने तकनीकी कौशल विकसित करने के अवसर प्रदान करेंगे।”
सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित गुप्ता ने कहा, “इन तीनों संस्थाओं के साथ सहयोग से विद्यार्थियों के लिए विशेषज्ञ व्याख्यान, औद्योगिक भ्रमण, प्रयोगशाला एवं साइट आधारित प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। आधुनिक निर्माण उपकरणों, सामग्री परीक्षण और निर्माण प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होगा।”
डॉ. मोहित गुप्ता ने इन सहयोगों को साकार करने के लिए माननीय प्रबंधन, संस्थान के निदेशक तथा तीनों सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






