बुलंदशहर में भव्यता के साथ हुआ ’17वें श्री राधा अष्टनाथ गौ-आराधन महोत्सव’ के निमंत्रण कार्ड का विमोचन

बुलंदशहर:श्री राधा अष्टनाथ सेवा संस्थान ट्रस्ट एवं श्री श्याम सखा युवा मंडल के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते हुए आज स्थानीय श्री ठाकुरद्वारा मंदिर, सर्राफा बाजार, बुलंदशहर में त्रिदिवसीय ’17वें श्री राधा अष्टनाथ गौ-आराधन महोत्सव’ (श्री गौ-कथा एवं श्री राधा-कृष्ण लीला कथा महोत्सव) के निमंत्रण कार्ड का भव्य विमोचन किया गया।
इस पावन और गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात भाजपा नेता श्री दिग्विजय सिंह सिरोही जी एवं श्री अंकुर अग्रवाल जी उपस्थित रहे। अतिथियों एवं ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से निमंत्रण कार्ड का अनावरण किया तथा इस आध्यात्मिक आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह त्रिदिवसीय श्री गौ-कथा 16 नवंबर 2026 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसका समय अपराह्न 3:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक रहेगा। यह महोत्सव गौ सेवा, सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और भगवान श्री राधा-कृष्ण की लीलाओं के गुणगान का एक अनूठा संगम होगा, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु भाग लेंगे।
विमोचन समारोह में दासानुदास अतुल कृष्णदास (गौ-भक्तमाली) एडवोकेट, अंकुर अग्रवाल, के.के. वर्मा एडवोकेट, हरि गोपाल शर्मा, दीपेन गांगुली, रितेश शर्मा, शिवम अग्रवाल, पुनीत वर्मा, संजय गर्ग आदि ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
रिपोर्टर नितिन सोनी






