ग्रेटर नोएडा

सेक्टर डेल्टा-1 में मतदाता सूची सत्यापन शिविर सम्पन्न, 21 व 22 नवंबर को फिर लगेंगे विशेष शिविर

ग्रेटर नोएडा: सेक्टर डेल्टा-1 स्थित मॉडर्न स्कूल में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन एवं सत्यापन के संबंध में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सभी चारों बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों की मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं को सुना तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

शिविर में बीएलओ सुनील कुमार, श्वेता, प्रियंका और लता कन्नौजिया ने मतदाताओं के नाम, पते एवं अन्य विवरणों के सत्यापन और संशोधन संबंधी कार्य किए। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर नोएडा मंडल के मीडिया एक्जीक्यूटिव भगवत प्रसाद शर्मा भी मौजूद रहे।

शिविर के माध्यम से नागरिकों को प्रारूप मतदाता सूची में अपने तथा परिवार के पात्र सदस्यों के नाम और विवरण जाँचने का अवसर मिला। मतदाता सूची में नाम छूटने, नाम अथवा पते में त्रुटि, आयु, लिंग एवं फोटो संबंधी विसंगतियों के सुधार के साथ नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के विवरण में नियमानुसार संशोधन तथा दोहरी प्रविष्टियों की जाँच संबंधी प्रक्रिया पर भी जानकारी दी गई।

भगवत प्रसाद शर्मा ने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से आगामी 21 नवंबर (शनिवार) और 22 नवंबर (रविवार), 2026 को सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर पुनः विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

उन्होंने सेक्टरवासियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे इन शिविरों में पहुँचकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना तथा परिवार के पात्र सदस्यों का नाम और अन्य विवरण अवश्य जाँचें। किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते सुधार के लिए आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

भगवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची में सही नाम और विवरण सुनिश्चित करना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

रिपोर्टर-भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!