नोएडा

हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में तनु ने जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव

नोएडा: उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी शाहदरा, बिसरख, ग्राम शाहदरा, सेक्टर-141, नोएडा की कक्षा आठ की छात्रा तनु ने हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, ग्राम एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। दनकौर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित इस प्रतियोगिता में तनु ने अपनी लेखन प्रतिभा, विषय की गहरी समझ और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

तनु की इस सफलता को उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन, अभ्यास और अध्ययन के प्रति समर्पण का प्रतिफल माना जा रहा है। साथ ही, यह विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की भी उपलब्धि है।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती अनीता गुसाईं ने छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में विशिष्ट प्रतिभा निहित होती है। शिक्षक का दायित्व है कि उस प्रतिभा को पहचानकर उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान करें, ताकि विद्यार्थी अपनी क्षमताओं का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तनु की यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी अध्ययन एवं साहित्यिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

इस उपलब्धि में विद्यालय की शैक्षणिक टीम की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, विद्यार्थियों की व्यक्तिगत क्षमताओं पर ध्यान और उनके सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों में श्रीमती गीतिमा सिंह, श्रीमती स्वाति यादव, श्रीमती सुनीता त्रिपाठी, श्रीमती अनीता यादव, श्रीमती सरोज कुमारी, श्रीमती आस्था सिंह एवं श्री भूपेंद्र शर्मा का योगदान सराहनीय है।

विद्यालय परिवार ने तनु की इस सफलता को सामूहिक शैक्षणिक प्रयासों का सुखद परिणाम बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि तनु भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और लगन के बल पर नई उपलब्धियाँ हासिल करेगी तथा शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगी।

रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!