गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे महात्मा ज्योतिबा राव फुले पब्लिक स्कूल, चंडौस (अलीगढ़) के विद्यार्थी

ग्रेटर नोएडा: महात्मा ज्योतिबा राव फुले पब्लिक स्कूल, चंडौस, अलीगढ़ के विद्यार्थियों ने आज गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, आधुनिक तकनीक, अनुसंधान, खेल एवं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना तथा उनमें ज्ञान, जिज्ञासा और नैतिक मूल्यों का विकास करना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सर्वप्रथम विश्वविद्यालय के प्रमुख आकर्षण महामाया सरोवर स्थित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा के दर्शन किए तथा भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, अहिंसा एवं मानवीय मूल्यों से संबंधित शिक्षाओं को जाना। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न आठ स्कूलों का भ्रमण किया। स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी (ICT) की ड्रोन लैब में विद्यार्थियों को ड्रोन की बुनियादी तकनीकी कार्यप्रणाली, उपयोग एवं इसकी संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने ड्रोन को उड़ते हुए देखकर आधुनिक तकनीक के प्रति विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा प्रदर्शित की। वहीं स्कूल ऑफ लॉ में मूट कोर्ट का अवलोकन कर न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं विधिक शिक्षा के व्यावहारिक पहलुओं को समझा।
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के बोधिसत्व डॉ. बी.आर. अंबेडकर केंद्रीय पुस्तकालय का भी भ्रमण किया। उन्हें पुस्तकालय की विशाल संरचना, शैक्षणिक संसाधनों एवं अध्ययन सुविधाओं से अवगत कराया गया। यह पुस्तकालय लगभग 1,07,800 से 2 लाख वर्ग फुट के विशाल कार्पेट एरिया में विस्तृत है, जहां एक साथ लगभग 2,000 विद्यार्थी बैठकर अध्ययन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न खेल मैदानों, इनडोर स्टेडियम तथा ज्योतिबा बाई फुले ध्यान केंद्र का भ्रमण किया और विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक वातावरण का आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह से सीधे संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ। कुलपति महोदय ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद एवं इंटरैक्शन किया तथा उन्हें विश्वविद्यालय का वर्चुअल भ्रमण भी कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने विचारों और अनुभवों को अपने शब्दों में लिखें तथा निरंतर सीखने, प्रश्न पूछने और बड़े सपने देखने की आदत विकसित करें।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व एवं जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, उप कुलसचिव डॉ. उत्तम कुमार ने बच्चों से संवाद कर उनके भविष्य, करियर के अवसरों एवं संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. सुशील कुमार ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा हेतु उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं छात्र कल्याण संबंधी सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इसी क्रम में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के डीन डॉ. माधव गोविन्द ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए शिक्षा, मानवीय मूल्यों एवं व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस शैक्षणिक भ्रमण के सफल आयोजन एवं विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी एवं सह-शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराने में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम समन्वयक डॉ नगेंद्र सिंह व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राहुल कपूर एवं डॉ. राकेश कुमार, मेंटर डॉ. कृति मिश्रा तथा वरिष्ठ सहायक प्रीतेश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें विभिन्न विभागों एवं सुविधाओं की जानकारी दी तथा पूरे भ्रमण को ज्ञानवर्धक, रोचक एवं यादगार बनाया।






