बागपत

उत्तर प्रदेश के सर्वोच्च युवा पुरस्कार से विभूषित होंगे अमन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे सम्मानित

स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड से अलंकृत होकर बागपत का मान बढ़ाएंगे ट्यौढी गांव निवासी युवा अमन कुमार

बागपत: स्वामी विवेकानंद ने जब उत्तिष्ठ जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत् कहा था तो वह केवल इसका तात्कालिक प्रभाव ही देख रहे थे लेकिन प्रेरणा पाने वालों ने इन पंक्तियों को अमरता की बूटी बना लिया जो आज भी युवा शक्ति को दिशा दे रही है।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को सेवा क्षेत्र में दिए जाने वाले सर्वोच्च युवा पुरस्कार, स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड की सूची में पहली बार बागपत ने स्थान बनाया है। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल महानिदेशालय, लखनऊ द्वारा राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड हेतु चयनित युवाओं की अंतिम सूची जारी की गई है, जिसमें अपने कार्यों एवं उपलब्धियों के बल पर ट्यौढी गांव निवासी अमन कुमार ने स्थान प्राप्त किया है। यह पुरस्कार पहली बार बागपत जिले के किसी युवा को प्राप्त हो रहा है। अमन की इस उपलब्धि पर जिलेभर में उत्साह का माहौल है। जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अमन कुमार को राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानन्द यूथ अवार्ड से राजधानी लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रीय विकास एवं सेवा के क्षेत्र में अद्वितीय एवं सराहनीय योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानन्द यूथ अवार्ड, उत्कृष्ट युवाओं को जीवनकाल में एक बार प्रदान किया जाता है जिसमें पचास हजार रुपए की पुरस्कार राशि, स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा, अंग वस्त्र, एक पदक, प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। अमन कुमार बागपत जिले के पहले युवा है जो इस महत्वपूर्ण पुरस्कार से सम्मानित होकर जिले का नाम रोशन करेंगे। 22 वर्षीय अमन कुमार वर्तमान में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से समाज कार्य की पढ़ाई कर रहे हैं और उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट कॉलेज सरूरपुर खेड़की से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की।

अमन कुमार का जीवन स्वामी विवेकानन्द से प्रेरित रहा है और अखबारों के साथ साथ महान व्यक्तित्वों की जीवनी पढ़ना उनकी दिनचर्या में शामिल है। एक युवा सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अमन का कार्य सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देश का नाम रोशन किया है। उनके प्रयासों ने जहां स्थानीय स्तर पर बदलाव लाया, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनके कार्यों ने अमिट छाप छोड़ी है। अपने अनुकरणीय प्रयासों के लिए 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष युवा अतिथि के रूप में नई दिल्ली आमंत्रित किया गया।

अमन के सफर की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई, जब उन्होंने नेहरू युवा केन्द्र के साथ मिलकर जिला प्रशासन के लिए कांवड़ यात्रा एप विकसित किया, जिससे तीन लाख से अधिक कांवड़ियों की यात्रा सुगम हुई। इस पहली सफलता के बाद अमन ने नगर निकाय निर्वाचन एप और लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दौरान स्वीप बागपत एप के निर्माण में भी योगदान दिया। उन्हें भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान बागपत के ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी चुना गया। उन्होंने जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यक्रमों में स्वैच्छिक योगदान दिया, जिसके लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह द्वारा सम्मानित भी हुए। उन्हें जिला स्वीप कोर कमेटी और निर्वाचन सोशल मीडिया सेल का सदस्य मनोनीत किया गया। हाल ही में गृह मंत्रालय की नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया। माय गवर्नमेंट के यूथ एंबेसडर के रूप में उनकी नियुक्ति हुई। उन्होंने ग्राम पंचायत फैज़पुर निनाना की डिजिटल वेबसाइट बनाकर उसे डिजिटल पंचायत का दर्जा दिलवाया। प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 संचालित कर 81 लाख से अधिक युवाओं को शैक्षिक कार्यक्रमों और कैरियर अवसरों की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध कराई।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमन कुमार हंड्रेड संस्थान के एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य है और नवाचार विशेषज्ञों की टीम का हिस्सा हैं, जो शिक्षा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की वैश्विक सूची तैयार करने में योगदान देते हैं। वह यूनिसेफ के नेशनल यू एंबेसडर भी रह चुके हैं, जिसमें उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें यूनिसेफ इंडिया द्वारा ‘इंडियाज मोस्ट वैल्युएबल यू रिपोर्टर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यूनेस्को ने उन्हें ग्लोबल यूथ कम्युनिटी का सदस्य बनाया है, जहां वह भारतीय युवाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। पर्यावरण के क्षेत्र में, उन्होंने ‘चूज लाइफ’ पुस्तक लिखी है, जिसके लिए वह ग्लोबल यूथ बायोडायवर्सिटी नेटवर्क और यूएनएफसीसीसी योंगो से भी जुड़े हैं। वह क्लाइमेट कार्डिनल्स साउथ एशिया चैप्टर के कोऑर्डिनेटर हैं और आरकॉय एशिया एंड पैसिफिक कांफ्रेंस 2023 तथा यूनेस्को एमआईएल यूथ डिबेट सीरीज में साउथ एशिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के नेचर पॉजिटिव यूनिवर्सिटीज एलायंस प्रोजेक्ट में भी उनका योगदान रहा है। उन्होंने यूनिसेफ इंडिया, हंड्रेड, पेटा इंडिया, यूनेस्को, नेहरू युवा केन्द्र संगठन, युवा कल्याण विभाग, विज्ञान प्रसार समेत विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ मिलकर भी उल्लेखनीय कार्य किया है।

ऋषिहुड यूनिवर्सिटी द्वारा चेंजिंग चॉक्स अवार्ड, यूनिसेफ इंडिया द्वारा इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू रिपोर्टर अवार्ड, पृथ्वी अभ्युदय एसोसिएशन इंडिया द्वारा शिक्षा रत्न सम्मान, नन्हेज्ञान फाउंडेशन द्वारा यंग ट्रांसफॉर्मर्स अवार्ड, यूनिजिफ द्वारा डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राष्ट्रीय शिक्षाविद सम्मान, महर्षि यूनिवर्सिटी द्वारा नमो सम्मान, सिंघानिया ग्रुप द्वारा एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड, एजुक्लाउड्स द्वारा एंपावर्ड अवार्ड, नीरा अमृत सम्मान समेत अन्य पुरस्कारों से अमन सम्मानित हो चुके है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!