विश्व जनसंख्या दिवस पर डाढ़ा गांव में होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बिलासपुर:डाढ़ा गांव में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से संचालित स्वाभिमान परियोजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (GIMS) के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की डॉ. आयशा फ़ातिमा एवं उनकी टीम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्राम की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं महिला स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों पर चर्चा करते हुए छोटे एवं स्वस्थ परिवार के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों से अवगत कराया। “छोटा परिवार, सुखी परिवार” विषय पर आयोजित सहभागितापूर्ण गतिविधि के माध्यम से संदेश को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार परिवार निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






