किसान एकता महासंघ के कानपुर मंडल के अध्यक्ष बने ब्रजेश मिश्रा
राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

इटावा: किसान एकता महासंघ संगठन ने अपने संगठन का विस्तार करते हुए ब्रजेश मिश्रा को कानपुर मंडल का नया मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना के निर्देश पर एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.आर.वी.भदौरिया की संस्तुति पर की गई है। गौरतलब है,कि ब्रजेश मिश्रा ने इससे पूर्व इटावा में जिलाध्यक्ष के पद पर रहते हुए जनता के हितों के लिए बेमिसाल काम किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर लड़ाई लड़ी और संगठन के कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इसी जुझारू नेतृत्व और समर्पण को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए कानपुर मंडल के मंडल अध्यक्ष जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति पत्र जारी करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि ब्रजेश मिश्रा कानपुर मंडल में संगठन को और अधिक गतिशील और मजबूत बनाएंगे। इस नई जिम्मेदारी के बाद अब कानपुर मंडल में किसानों के हितों,युवाओं के रोजगार व स्वाभिमान, और पीड़ित परिवारों की आवाज को ब्रजेश मिश्रा के नेतृत्व में एक नई धार मिलेगी। ब्रजेश मिश्रा की इस नियुक्ति पर संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी हर्ष का माहौल है। कार्यकर्ताओं का कहना है, कि उनके आने से जमीनी स्तर पर संगठन को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।
वहीं बृजेश मिश्रा ने संगठन के शीर्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज मेरे लिए यह केवल एक पद या जिम्मेदारी नहीं है। बल्कि यह मेरे शीर्ष नेतृत्व द्वारा मुझ पर जताया गया अटूट विश्वास और आप सभी का स्नेह है। किसान एकता महासंघ ने मुझे कानपुर मंडल के मंडल अध्यक्ष पद की जो गरिमामयी जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए मैं संगठन के शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ,कि संगठन की यह कमान अब आपकी आवाज बनेगी। मंडल के हर छोटे-बड़े किसान, मजदूर एवं युवाओं के सुख-दुख में मैं हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा मिलूँगा। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमारे मंडल कार्यालय के दरवाजे चौबीसों घंटे खुले हैं। कोई भी किसान खुद को अकेला न समझे। यह पद मेरा नहीं, कानपुर मंडल के हर उस किसान का है जो दिन-रात पसीना बहाकर देश का पेट भरता है। हम सब मिलकर एकता की इस मशाल को और रोशन करेंगे।






