मां की महानता को बच्चों ने किया शत् शत् नमन, मातृ दिवस पर सैनिकों की माताओं को किया सम्मानित
आर के पब्लिक स्कूल में हुआ अनूठा कार्यक्रम

औरंगाबाद (बुलंदशहर )आर के पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मदर्स डे धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की विशेषता सैनिकों की माताओं को सम्मानित किया जाना रहा। स्कूली बच्चों ने मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सृष्टि की रचियता मां को अपने सम्मान और श्रृद्धा भाव को उजागर करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी।

कार्यक्रम का शुभारंभ सीमा पर तैनात सैन्य अधिकारी हेमंत कुमार की माता ओमकारी देवी निवासी ग्राम दौलताबाद ने बतौर मुख्य अतिथि, कालेज प्रबंधक शाहिद अली प्रधानाचार्य नागेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर पुष्पार्चन करके किया। अपने संबोधन में शाहिद अली ने कहा कि मां के चरणों में ही स्वर्ग बसता है।हज्ञ सभी को अपनी मां से हमेशा आदर पूर्वक बात करनी चाहिए और सदैव उनकी आज्ञा का पालन करना चाहिए।जो बच्चे अपनी मां की आज्ञा का पालन करते हैं उन्हें जीवन में कठिन समस्याओं से नहीं जूझना पड़ता है क्योंकि मां का आशीर्वाद सदैव उनकी रक्षा करता है।
प्रधानाचार्य नगेंद्र सिंह ने मां को त्याग की मूर्ति बताते हुए कहा कि मां अपने बच्चों के लिए दिन-रात कठोर मेहनत करती है और उनकी खुशियों के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने में पीछे नहीं हटती है। मां ही बच्चे की प्रथम गुरु और पाठशाला है।
बतौर मुख्य अतिथि ओमकारी देवी ने कहा कि मां का प्रेम संसार में सबसे अनमोल होता है मां अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए हर कठिनाई सहन कर लेती है। बच्चों को भी मां की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और उनकी सीख पर अमल करना चाहिए तभी उनका जीवन खुशियों से भर जाता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मां को समर्पित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए। रस्साकसी प्रतियोगिता नृत्य प्रस्तुति तथा रैंप वॉक कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। रैंप वॉक में मां ओं ने अपने बच्चों के साथ रैंप वॉक किया।
विद्यालय परिवार की ओर से आगंतुक अतिथि माताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरि भूरि प्रशंसा की।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






