जेवर विधयक से विधानसभा क्षेत्र में नहरों, नालों एवं सड़कों के किनारे सफाई और प्रकाश व्यवस्था की मांग

गौतम बुद्ध नगर: वीर विराट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी अभिषेक ने विधायक धीरेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी नहरों, नालों, मुख्य मार्गों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
अभिषेक ने कहा कि नहरों एवं नालों के किनारे बड़ी मात्रा में झाड़ियां, करकट एवं अन्य गंदगी जमा होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं रात के समय पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने से राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने विधायक धीरेंद्र सिंह, संबंधित विभागों तथा प्रशासन से जनहित में मांग की है कि नहरों, नालों और सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों को तत्काल हटाया जाए, नियमित सफाई व्यवस्था लागू की जाए तथा आवश्यक स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाली स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएं।
अभिषेक ने कहा कि स्वच्छता और सुरक्षा किसी भी विकसित क्षेत्र की पहचान होती है। क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आए और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।






