मासूम चारू की आत्मा की शांति एवं मोक्ष के लिए बालाजी दरबार में गायत्री दीप यज्ञ एवं शांति पाठ आयोजित

बुलंदशहर: विगत दिनों जनपद बुलंदशहर में हुई भीषण वर्षा के दौरान गहरे पानी में डूबने से 11 वर्षीय मासूम चारू के असामयिक निधन के उपरांत उसकी पुण्य स्मृति एवं आत्मा की शांति के लिए जनपद बुलंदशहर के कृष्ण नगर स्थित प्रभु श्री बालाजी महाराज के दिव्य धाम बालाजी दरबार के पावन प्रांगण में गायत्री दीप यज्ञ एवं शांति पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय चारू के पिता रिंकू, माता एवं समस्त परिवारजनों के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों द्वारा बालाजी दरबार के महंत स्वामी परमदेव महाराज के सानिध्य में किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं प्रार्थना के साथ मासूम चारू की दिवंगत आत्मा की शांति एवं मोक्ष की कामना की गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने मासूम चारू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। महंत स्वामी परमदेव महाराज ने कहा कि मासूम बच्ची का असमय चले जाना अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक घटना है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को धैर्य एवं संबल प्रदान करने का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल, समाजसेवी शियोपाल सिंह, करणवीर सिंह, संजीव शर्मा, ब्रजेश गर्ग, पत्रकार संजय गोयल, राजेंद्र अग्रवाल, सभासद अनुज चौहान, गीता शर्मा, बबली शर्मा, रामकुमार मकवाना सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में मासूम चारू की आत्मा की शांति एवं मोक्ष के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहयोग एवं संबल प्रदान करने का विश्वास दिलाया ।






