शिक्षक हित, शैक्षिक सशक्तिकरण एवं लोकतांत्रिक सहभागिता पर प्रेरक संवाद

ग्रेटर नोएडा :आईआईएलएम यूनिवर्सिटी में आज शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) के जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक समुदाय के हितचिंतक श्री श्रीचंद शर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति में शिक्षक संवाद एवं विचार-विमर्श सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के अधिकारों, दायित्वों, लोकतांत्रिक सहभागिता तथा शैक्षिक विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० (डॉ०) जय शंकर वारियर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर श्री शर्मा जी के स्वागत से हुआ। सभा का संयोजन उपकुलसचिव (डेप्युटी रजिस्ट्रार) श्री शरद शर्मा ने किया।
अपने संबोधन में श्री श्रीचंद शर्मा जी ने शिक्षकों के हित संरक्षण, सेवा-सुविधाओं के विस्तार, शैक्षिक गरिमा की स्थापना तथा अपने पूर्व कार्यकाल की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों के कल्याण, अधिकार-संवर्धन और शैक्षणिक वातावरण को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रस्तावित योजनाओं एवं भावी कार्यनीतियों की जानकारी भी दी।
उन्होंने विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों, सह-प्राध्यापकों, विभागाध्यक्षों तथा अधिष्ठाताओं को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उनकी भूमिका, मताधिकार के महत्व एवं लोकतांत्रिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया। साथ ही शिक्षकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
सभा में कुलसचिव (रजिस्ट्रार) ब्रिगेडियर सुरप्रीत सिंह गिल (वेटेरन), उपकुलसचिव श्री शरद शर्मा, ग्रेटर नोएडा मंडल के मंत्री एवं संयोजक श्री गौरव तोमर, श्री मनवीर नागर सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने शैक्षिक विकास, शिक्षक हितों और लोकतांत्रिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर सक्रिय सहभागिता की। सकारात्मक संवाद और बौद्धिक विमर्श से परिपूर्ण यह आयोजन शिक्षक सम्मान, शैक्षिक उत्कर्ष एवं लोकतांत्रिक चेतना के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
रिपोर्टर-भगवत प्रसाद शर्मा






