विश्व जनसंख्या दिवस पर होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ग्रेटर नोएडा:विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर घरबरा गांव में होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से संचालित स्वाभिमान परियोजना के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वाभिमान परियोजना की टीम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित ग्राम की महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान स्वाभिमान टीम ने महिलाओं को जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं महिला स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों की जानकारी देते हुए छोटे एवं संतुलित परिवार के स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक लाभों पर प्रकाश डाला गया।
जागरूकता को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न खेलों एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से परिवार नियोजन, मातृ स्वास्थ्य और “छोटा परिवार, सुखी परिवार” के संदेश को सरल ढंग से प्रस्तुत किया गया। खेल आधारित गतिविधियों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे विषय को सहजता से समझने और अपनाने के प्रति उनकी रुचि बढ़ी।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें परिवार नियोजन संबंधी सेवाओं का लाभ उठाने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार परिवार निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






