संगठन की मजबूती से जनसेवा को मिलेगी नई गति : भाजपा ग्रेटर नोएडा मंडल की बैठक में हुआ मंथन

ग्रेटर नोएडा: भारतीय जनता पार्टी ग्रेटर नोएडा मंडल कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी संगठनात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि जिला महामंत्री श्री धर्मेन्द्र कोरी जी तथा मंडल प्रभारी श्री मनोज गर्ग जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री धर्मेन्द्र कोरी जी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ता हैं। बूथ संगठन की मूल इकाई है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को मजबूत बनाने के साथ निरंतर जनसंपर्क बनाए रखना चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंडल प्रभारी श्री मनोज गर्ग जी ने कहा कि मजबूत संगठन ही प्रभावी जनसेवा का आधार है। बूथ स्तर पर सक्रियता, नियमित जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय से संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष श्री अर्पित तिवारी जी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा मंडल को अधिक सक्रिय, सशक्त एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुटता एवं टीम भावना के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
मीडिया प्रभारी डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि संगठन की जनसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना महत्वपूर्ण दायित्व है। पार्टी के जनहितकारी कार्यों एवं अभियानों को तथ्यपरक और प्रभावशाली ढंग से मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।
बैठक का संचालन मंडल महामंत्री श्री रवि श्रीवास्तव जी ने किया। इस दौरान मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के सत्यापन कार्य की समीक्षा की गई तथा आगामी मंडल मासिक बैठक और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा हुई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में जनभागीदारी बढ़ाने का भी आह्वान किया गया।
रिपोर्टर डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा






