गौतम बुद्ध नगर से पूरे उत्तर प्रदेश में महिला उद्यमिता को नई दिशा देने का लिया संकल्प
‘सशक्त महिला उद्यमी संगठन’ का भव्य शुभारंभ

ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक एवं उद्यमिता क्षेत्र में महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल करते हुए ‘सशक्त महिला उद्यमी संगठन’ का भव्य शुभारंभ किया गया। संगठन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह जी के नेतृत्व में आयोजित समारोह में जिले की सैकड़ों महिला उद्यमियों, उद्योगपतियों तथा विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित महिलाओं ने सहभागिता की। संगठन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनकी व्यावसायिक समस्याओं के समाधान में सहयोग देना तथा प्रदेश में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है।
समारोह की विशेषता शासन-प्रशासन के विभिन्न विभागों एवं प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। इनमें कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय आयुक्त प्रथम श्री वैभव सिंह जी, श्रम विभाग के उप श्रमायुक्त श्री राकेश द्विवेदी जी, सेवायोजन विभाग की श्रीमती मनीषा अत्री जी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के निदेशक श्री आर.के. भारती जी, नोएडा प्राधिकरण के श्री नवीन कुमार सिंह जी, अपर पुलिस उपायुक्त श्रीमती मनीषा सिंह जी, पुलिस उपायुक्त श्री श्रवण कुमार जी, सहायक पुलिस आयुक्त श्री राजीव गुप्ता जी, जिला उद्योग केंद्र के श्री त्रिभुवन पटेल जी तथा पूर्व जिला उद्योग केंद्र अधिकारी श्री गोस्वामी जी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की पहल की सराहना करते हुए महिला उद्यमियों के विकास के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में गौतम बुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह जी, भारतीय पुलिस सेवा, मुख्य अतिथि तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती विमला बाथम जी संरक्षक एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
संस्थापक अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह जी ने कहा कि यह संगठन केवल एक मंच नहीं, बल्कि महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के सपनों को साकार करने का संकल्प है। संगठन की शुरुआत गौतम बुद्ध नगर से की गई है और लक्ष्य इसे पूरे उत्तर प्रदेश में सक्रिय बनाना है, ताकि प्रत्येक जिले की महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि संगठन जिला प्रशासन, ग्रेटर नोएडा एवं नोएडा प्राधिकरण, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), कर्मचारी भविष्य निधि, प्रदूषण नियंत्रण, श्रम विभाग तथा कारखाना अधिनियम से संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करेगा। इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को सरकारी प्रक्रियाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना और कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता कम करना है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचाने के लिए संगठन में एक समर्पित निर्यात प्रकोष्ठ गठित किया जाएगा। इसके माध्यम से महिला उद्यमियों को निर्यात के अवसरों से जोड़कर ‘स्थानीय से वैश्विक’ की अवधारणा को साकार करने का प्रयास होगा। इसके साथ ही महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और उद्योग जगत के बीच समन्वय स्थापित कर छात्राओं को कौशल प्रशिक्षण, इंटर्नशिप तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
डॉ. खुशबू सिंह जी ने कहा कि संगठन का लक्ष्य केवल औद्योगिक क्षेत्र की महिलाओं तक सीमित नहीं है। गाँवों की महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाना, उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा बाजार और वित्तीय सहायता के उपलब्ध माध्यमों से जोड़ना भी संगठन की प्राथमिकता है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने और परिवार तथा समाज में उनकी सशक्त पहचान स्थापित करने के लिए प्रयास किए जाएँगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में महिला उद्यमिता के माध्यम से योगदान देना संगठन का संकल्प है। संगठन स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचाने, आर्थिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में महिला उद्योगपतियों के साथ अधिवक्ताओं, सनदी लेखाकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा और सेवा क्षेत्र से जुड़ी पेशेवर महिलाओं का भी स्वागत है।
मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह जी ने डॉ. खुशबू सिंह जी को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि महिला उद्यमियों को संगठित मंच प्रदान करना सशक्तीकरण की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिला संगठनों के प्रयासों और महिलाओं की सुरक्षा एवं प्रगति से जुड़े कार्यों में पुलिस प्रशासन सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।
संरक्षक एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती विमला बाथम जी ने डॉ. खुशबू सिंह जी के नेतृत्व, परिश्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस लगन और उत्साह से डॉ. सिंह ने महिलाओं को एकजुट कर यह मंच तैयार किया है, वह प्रेरणादायी है। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए संरक्षक एवं मार्गदर्शक के रूप में सहयोग देते रहने का आश्वासन दिया।
समारोह के अंत में डॉ. खुशबू सिंह जी ने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाली कोर टीम एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया
संगठन की प्रमुख पदाधिकारी महासचिव: श्रीमती रश्मि निगम ,कोषाध्यक्ष: श्रीमती आस्था शर्मा ,उपाध्यक्ष: श्रीमती अर्चना आनंद जी, श्रीमती पूनम माहेश्वरी जी एवं श्रीमती रचना जैन , संयुक्त सचिव: श्रीमती दिशा कपूर , कार्यकारिणी सदस्य: श्रीमती सोनाली चौधरी ‘सशक्त महिला उद्यमी संगठन’ ने महिला उद्यमियों को संगठित करने, उनकी व्यावसायिक समस्याओं के समाधान में सहयोग देने, ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने तथा प्रदेश में महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अपनी यात्रा प्रारंभ की है। संगठन का संकल्प है कि गौतम बुद्ध नगर से शुरू हुई यह पहल पूरे उत्तर प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और उद्यमिता के विस्तार का माध्यम बने।
रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा






