प्रो बोनो क्लब, शारदा स्कूल ऑफ लॉ द्वारा ‘गुड टच, बैड टच एवं पॉक्सो जागरूकता कार्यशाला’ का सफल आयोजन

ग्रेटर नोएडा: शारदा यूप्रोनिवर्सिटी के शारदा स्कूल ऑफ लॉ के प्रो बोनो क्लब द्वारा रेनबो वर्ल्ड स्कूल, ग्रेटर नोएडा में “गुड टच, बैड टच एवं पॉक्सो (POCSO) जागरूकता कार्यशाला” का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों में व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना, उन्हें बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी देना तथा असुरक्षित परिस्थितियों में उचित निर्णय लेने के लिए सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान विधि के विद्यार्थियों ने “गुड टच और बैड टच” विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक (स्किट) प्रस्तुत किया। सरल, रोचक और संवादात्मक शैली में प्रस्तुत इस नाटक के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान, सतर्क रहने के उपाय तथा आवश्यकता पड़ने पर विश्वसनीय वयस्क से सहायता लेने के महत्व को समझाया गया।
इसके पश्चात आयोजित संवादात्मक सत्र में बच्चों को असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान करने, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने तथा बाल लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act, 2012) के अंतर्गत उपलब्ध कानूनी संरक्षण एवं उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने बच्चों के प्रश्नों का सहज एवं संवेदनशील तरीके से उत्तर देकर उन्हें जागरूक और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन प्रो. (डॉ.) ऋषिकेश दवे ने कहा “बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार या विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। विधिक जागरूकता के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सचेत करना समय की आवश्यकता है। शारदा स्कूल ऑफ लॉ का प्रो बोनो क्लब ऐसे जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी सामाजिक एवं विधिक जिम्मेदारियों का निरंतर निर्वहन करता रहेगा।”






