विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ई-पोस्टर प्रतियोगिता का हुआ सफल आयोजन

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अंतर्गत शिक्षक एवं प्रशिक्षण विभाग के इको स्पार्क क्लब तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-5 के संयुक्त तत्वावधान में 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ई-पोस्टर प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना था।प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपने रचनात्मक एवं प्रभावशाली ई-पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति अपनी संवेदनशीलता, जागरूकता एवं प्रेम को अभिव्यक्त किया। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत पोस्टरों में जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को आकर्षक एवं संदेशपरक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नागेंद्र सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए पर्यावरणीय स्थिरता एवं संरक्षण के प्रति निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न होकर हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।
एनएसएस इकाई-5 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रुति कंवर ने भी सभी एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों को उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें प्रकृति के संरक्षण एवं सतत विकास के लिए निरंतर जागरूक एवं सक्रिय रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी ही एक स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण की आधारशिला है।
कार्यक्रम विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति, पर्यावरणीय जागरूकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने इस आयोजन को सफल, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बना दिया।






