ग्रेटर नोएडा

विपक्ष की अमर्यादित राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात – भाजपा

ग्रेटर नोएडा:भारतीय जनता पार्टी, गौतमबुद्धनगर द्वारा आज समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं ब्राह्मण समाज के प्रति की गई कथित अमर्यादित टिप्पणियों के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, युवाओं, वरिष्ठजनों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने सूरजपुर स्थित जिला कार्यालय पहुँचकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। भाजपा ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया, वहीं पार्टी के एक जिला अध्यक्ष द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर विभाजनकारी टिप्पणी की गई, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत मर्यादा, सामाजिक सम्मान और भारतीय संस्कारों को ठेस पहुँचाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक दलों का नेतृत्व ही मर्यादाओं की अनदेखी करने लगे तो उनके कार्यकर्ताओं से संयमित भाषा और शालीन आचरण की अपेक्षा करना कठिन हो जाता है।

उन्होंने महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति की गई टिप्पणी को लोकतांत्रिक गरिमा और राजनीतिक शिष्टाचार पर आघात बताया। भाजपा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है, किंतु कुछ लोग राजनीतिक हताशा में सभी सीमाएँ लाँघ रहे हैं।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी सदैव भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है। किसी भी वर्ग, समाज अथवा राष्ट्र नेतृत्व के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक संस्कृति को दूषित करता है और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुँचाता है।

पार्टी ने विपक्ष से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने, समाज में सौहार्द बनाए रखने तथा सार्वजनिक जीवन में शालीन एवं जिम्मेदार भाषा के प्रयोग की अपील की।

इस कार्यक्रम में सत्येंद्र नागर, सतपाल शर्मा, करमवीर आर्य, डिम्पल आनंद, डॉ. आरती शर्मा, भगवत प्रसाद शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट-भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!