“अश्रुपूरित श्रद्धांजलि के मध्य अमर वीर शहीद दिनेश शर्मा जी की प्रतिमा का अनावरण”
“एक माँ का बेटा, भारत माँ का अमर सपूत - वीर शहीद दिनेश शर्मा जी का बलिदान युगों तक राष्ट्र की आत्मा में जीवित रहेगा”

पलवल:ग्राम दिनेशपुर (गुलावद), होडल की पावन धरा उस समय भावनाओं से द्रवित हो उठी, जब “ऑपरेशन सिन्दूर” के अमर वीर योद्धा एवं शहीद भाई दिनेश शर्मा जी की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। वातावरण में एक ओर शहादत का दर्द था, तो दूसरी ओर राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर देने वाले वीर सपूत पर अपार गर्व की अनुभूति भी स्पष्ट दिखाई दे रही थी।

टीम सैनिक सेवा समिति, पलवल द्वारा आयोजित इस श्रद्धांजलि समारोह में समिति के संस्थापक एवं चेयरमैन श्री सतवीर जी अपने सम्मानित पदाधिकारियों एवं पूर्व सैनिक साथियों सहित उपस्थित रहे और अमर शहीद को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
प्रतिमा अनावरण के क्षण ने वहाँ उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति की आँखें नम कर दीं। शहीद दिनेश शर्मा जी की वीर प्रतिमा जैसे पूरे जनमानस से यह कह रही थी कि “देश की रक्षा हेतु दिया गया बलिदान कभी मृत्यु नहीं होता, वह राष्ट्र की आत्मा में अमर हो जाता है।”
सम्पूर्ण ग्राम क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। युवा, बच्चे, माताएँ, बुजुर्ग — सभी के चेहरों पर गर्व, आँखों में आँसू और हृदय में अपने वीर सपूत के प्रति अथाह सम्मान स्पष्ट झलक रहा था। अनेक ग्रामीणों की आँखें उस समय छलक उठीं जब शहीद की माताजी एवं परिजनों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
अपने भावपूर्ण संबोधन में श्री सतवीर जी ने कहा कि “यह केवल एक प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि उस अमर बलिदान को शत-शत नमन है जिसने राष्ट्र की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च अर्पण किया। वीर शहीद दिनेश शर्मा जी जैसे सपूतों के कारण ही हमारा तिरंगा शान से लहराता है और देश सुरक्षित है। राष्ट्र उनका ऋणी था, है और सदैव रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “जब-जब भारत माँ पर संकट आएगा, तब-तब दिनेश शर्मा जैसे वीरों की गाथाएँ आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देती रहेंगी।”
उल्लेखनीय है कि सैनिक सेवा समिति एवं 2.0 सैनिक सेवा समिति ग्रुप निरंतर सेवारत एवं पूर्व सैनिकों की एकता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ शहीद परिवारों एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता हेतु समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। समिति वर्तमान में पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोहना एवं नूंह जिलों में राष्ट्रहित एवं सामाजिक सेवा के विविध कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
समारोह के अंत में उपस्थित जनसमुदाय ने वीर शहीद दिनेश शर्मा जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा। पूरा वातावरण “भारत माता की जय”, “वीर शहीद अमर रहें” और “जय हिन्द” के उद्घोषों से गूंज उठा।
उस क्षण ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सम्पूर्ण आकाश भी अपने वीर सपूत को नमन कर रहा हो।
हम उन सभी सैनिक भाइयों को कोटि-कोटि नमन करते हैं, जो अपने साहस, त्याग और समर्पण से राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करते हुए करोड़ों देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। वास्तव में सैनिक केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र की जीवित शक्ति और ईश्वर के द्वितीय स्वरूप हैं
वीर शहीद दिनेश शर्मा जी अमर रहें।
वीर शहीदों को शत्-शत् नमन
शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर वर्ष मेले,
वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशाँ होगा।”
रिपोर्ट-भगवत प्रसाद शर्मा





