रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन

दनकौर:श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दिनांक 27 अगस्त 2026 को “राखी बनाओ प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न आकर्षक एवं सुंदर राखियाँ तैयार कीं।
प्रतियोगिता का निर्णय अमित नागर एवं डॉ. शशि नागर दहेलिया द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में मुन्नी, बी.ए. पंचम सेमेस्टर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गुलसबा, बी.ए. प्रथम सेमेस्टर द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि शिवानी एवं कशिश, बी.ए. प्रथम सेमेस्टर ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन गृह विज्ञान विभाग की डॉ. निशा शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का अवलोकन करने एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स एवं उपप्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा निर्मित सुंदर एवं रचनात्मक राखियों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, स्नेह और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं कलात्मक कौशल का विकास होता है तथा उनमें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना भी सुदृढ़ होती है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ते हुए अपनी सृजनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।






